रायपुर

ढेबर के रहते सबसे सकरे हो चुके बैजनाथपारा की सडक़ों पर प्रशासक का जेसीबी, 95 कब्जे हटाए
10-Jan-2025 6:19 PM
ढेबर के रहते सबसे सकरे हो चुके बैजनाथपारा की सडक़ों पर प्रशासक का जेसीबी, 95 कब्जे हटाए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 10 जनवरी। निगम में प्रशासक बैठने के बाद अंतत: एजाज ढेबर के वार्ड बैजनाथपारा में पांच वर्ष बाद निगम का बुलडोजर पहुंचा। अवैध कब्जों से शहर के सबसे सकरे इलाकों में शामिल बैजनाथ पारा की सडक़ों पर नगर निगम के तोड़ू दस्ते ने  95 अवैध दुकानों पर कार्रवाई करते हुए तोड़ा । साथ ही 40 हजार का जुर्माना किया  है। साथ ही गंदगी फैलाने वाले पर भी कार्रवाई हुई। साथ ही बैजनाथ पारा को  नो-वेंडिग जोन करने की हिदायत दी गई। बैजनाथ पारा के आसपास के सभी मार्गों से अतिक्रमण पर कार्रवाई की गई। अब वहां से आवाजाही करने वाले वाहन चालकों को कोई भी दिक्क़ते नहीं होगी। दुपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही अब सुगम होगी।

कलेक्टर एवं निगम प्रशासक डॉ. गौरव कुमार सिंह के मार्गदर्शन और निगम आयुक्त  अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार नगर निगम जोन 4 द्वारा शास्त्री बाजार मुख्य मार्ग, बैजनाथपारा अखाडा गली, एवर ग्रीन चौक में अभियान चलाकर मुख्य मार्ग से अतिक्रमण एंगल व ठेले हटाकर जब्ती करने की कार्रवाई की गई। साथ ही बांस टाल, मालवीय रोड जाने वाले रास्ते को भी अतिक्रमण से मुक्त किया जा रहा है।

वहीं निगम जोन 7 द्वारा साइंस कालेज के सामने जीई मार्ग में अभियान चलाकर कब्जा हटाये एवं कब्जाधारियों के ठेले गुमटियों को जब्त करने की कार्रवाई की। जोन 9 ने शंकर नगर टीवी टावर से शंकरनगर चौक मुख्य मार्ग में अभियान चलाकर पूर्व में हटाने के बाद पुन: कब्जा कर बैठे ठेले गुमटी व्यवसायियों को हटाकर उनके ठेले गुमटियां जब्त करने की कार्रवाई की गई।

सफाई देखने निकले निगम के अफसर

निगम प्रशासक डॉक्टर गौरव कुमार सिंह  आयुक्त  अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार राजधानी  के उद्यानों, शौचालयों, नालों को स्वच्छता बनाए रखने  का कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है। अपर आयुक्त ,उपायुक्त और   स्वास्थ्य अधिकारियों ने शहर के  उद्यानों, नालों, शौचालयों की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया।  इस दौरान सफाई सुपरवाइजरों, सफाई ठेकेदार भी रहे। न्यू राजेन्द्र नगर में नालियों की सफाई  फुण्डहर में नाले के सम्बन्ध में प्राप्त जनशिकायत के त्वरित निदान किया।  साहू काम्प्लेक्स सुलभ शौचालय की सफाई, बालाजी गार्डन की सफाई, महादेवघाट मार्ग, कुशालपुर, भाठागाँव मुख्य मार्ग की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर सम्बंधित जोन अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।


अन्य पोस्ट