रायपुर
सभी पर एनडीपीएस के मामले दर्ज होंगे, लाइसेंस निलंबन भी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 जनवरी। औषधि नियंत्रक विभाग के अमले ने शहर पुलिस के साथ मिलकर शुक्रवार को रायपुर शहर, और बीरगांव के दो दर्जन से अधिक मेडिकल दुकानों में दबिश दी।इस दौरान टीम ने नशे की गोलियां और अन्य दवाईयां बेचने वाले मेडिकल दुकान संचालकों पर एनडीपीएस के तहत कार्रवाई की। इन टीमों ने जिन दुकानों में कार्रवाई की उनमें बीरगांव के लक्ष्मी मेडिकल हॉल गुढिय़ारी और संतोषी नगर के रायल मेडिकल स्टोर्स गुढिय़ारी मां भवानी सन मेडिकल, सुमीत मेडिकल, सागर मेडिकल, मास्टर मेडिकल प्रमुख हैं। ये दुकानदार बिना डॉक्टरी पर्ची के नशे की दवाईयां बेच रहे थे। टीम के सदस्य अधिकारियों ने दुकान में घूसते ही इन नशीली प्रतिबंधित दवाएं मांगी। दुकानदार और उनके कर्मचारियों ने बिना किसी पूछताछ या पर्ची मांगे दवाई दे दी। इतना ही नहीं इन लागों ने दवा की कीमत से कही अधिक राशि की मांग की। सभी अधिकारी-कर्मचारी ग्राहक बनकर इन दुकानों में पहुंचे थे। टीम के अधिकारियों ने बताया कि सभी दुकानदारों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इनके ड्रग लाइसेंस निलंबित किए जाएंगे। ड्रग अमले ने एक लंबे अरसे बाद राजधानी में यह कार्रवाई की है।