रायपुर
38 हजार खातों की भी जांच जारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 जनवरी। छत्तीसगढ़ में अब 29 हजार महिलाओं के खातों में महतारी वंदन योजना के 1-1हजार रुपए नहीं दिए जाएंगे । यह जानकारी महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दी है। उन्होंने कहा कि 10 महीने में 29 हजार से ज्यादा हितग्राहियों की मौत हो चुकी है। मृत हितग्राही के खाते में भुगतान बंद कर दिया गया है। जिसके बाद अब मृत हितग्राहियों के खाते में पैसा नहीं जाएगा। 70 लाख से ज्यादा महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल रहा है। 38 हजार 54 हितग्राही महिलाओं को योजना का न मिलने के मामले में मंत्री राजवाड़े ने बताया कि इसके पीछे कई कारण हैं। जैसे निष्क्रिय आधार नंबर, आधार अपग्रेड न कराना। आधा लिंक, और नया अकाउंट खोलने के साथ केवायसी न होने की वजह से भी भुगतान नहीं हो रहा है। इन सारे अकाउंट की जांच की जा रही है। अपडेट होने पर भुगतान किया जाएगा। इस योजना में सरकार हर माह 650 करोड़ से अधिक की राशि महिलाओं को मुफ्त में दे रही है। हालांकि इस योजना की राशि से महिला एं अपनी रोजमर्रा के खर्च के साथ-साथ बचत भी कर रही हैं।