रायपुर

जैतुसाव, हनुमान मंदिर, और गोपीदास मंदिर की 100 एकड़ से अधिक की जमीन बिकी
10-Jan-2025 4:51 PM
जैतुसाव, हनुमान मंदिर, और गोपीदास मंदिर की 100 एकड़ से अधिक की जमीन बिकी

राज्य बनने से पहले से चल रहा खेल, ट्रस्टियों की भूमिका पर सवाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 जनवरी।
शहर के तीन प्रमुख मंदिर की सौ एकड़ से अधिक जमीन बेचने का मामला प्रकाश में आया है। ये जमीन राज्य बनने से पहले, और बाद तक टुकड़ों-टुकड़ों में बेची गई है। खास बात यह है कि मंदिर ट्रस्ट से जुड़े लोगों ने उक्त जमीन बेची है। इसको लेकर अलग-अलग स्तरों में शिकायत भी हुई है, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। 

शहर के तीन मंदिर जैतुसाव मठ, गोपीदास, और हनुमान मंदिर की शहर के बाहरी इलाके में कुल 154 एकड़ जमीन दर्ज थी। मगर जैतुसाव मठ की अभी सिर्फ 77 एकड़ जमीन बाकी रह गई है। इसके अलावा हनुमान मंदिर, और गोपीदास मंदिर के नाम भी धरमपुरा व सेजबहार में जमीन रही है। इन तीनों मंदिरों की कुल 107 एकड़ जमीन बेच दी गई। 

जैतुसाव मठ से जुड़े एक महंत राम आशीष दास ने जमीन से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक किए हैं। राम आशीष दास ने ‘छत्तीसगढ़’ को जमीन से जुड़े कुछ दस्तावेज उपलब्ध कराए हैं। यह बताया कि सेजबहार में कूटरचित दस्तावेज बनाकर 29 एकड़ जमीन ट्रस्ट के पदाधिकारी द्वारा बेच दी गई। राम आशीष दास ने बताया कि धरमपुरा और अन्य भूमि के अवैध नामांतरण विक्रय को रोकने के लिए प्रकरण दर्ज कराकर जमीन वापस लेने की कोशिश की गई है। 

उल्लेखनीय है कि आमासिवनी में भी जैतुसाव मठ की जमीन बेच दी गई थी, और यहां कॉलोनी बन चुकी है। इस पूरे मामले में ट्रस्टी अजय तिवारी की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। जमीन की अफरा-तफरी के मामले की शिकायत कलेक्टर, और एसपी से कर जांच की मांग की गई है। 
 


अन्य पोस्ट