रायपुर

निकाय चुनाव पर सरकार संगठन ने बदली रणनीति, ईवीएम से कराने की तैयारी
10-Jan-2025 4:50 PM
निकाय चुनाव पर सरकार संगठन ने बदली रणनीति, ईवीएम से कराने की तैयारी

12 को ईवीएम की पहले चरण की जांच होगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 जनवरी।
प्रदेश भाजपा संगठन और सरकार ने निकाय चुनाव को लेकर अपनी रणनीति बदल दी है। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर गुरूवार को हुई भाजपा की वृहद कार्यशाला के बाद डिप्टी सीएम नगरीय प्रशासन अरूण साव ने आज कहा कि संभव हुए तो निकाय चुनाव ईवीएम से होंगे। इसके लिए ईवीएम तैयार किए जा रहे हैं। इंजीनियर्स बुल वा कर ईवीएम की टेस्टिंग कराई जा रही है।  इससे पहले  इन चुनाव को लेकर  साव ने पखवाड़े भर पहले 27 दिसंबर को  दिए अपने ही बयान से पलट गए हैं। उस दिन उन्होंने कहा था कि ईवीएम को तैयार करने में समय लग रहा है। इसलिए निकाय चुनाव बैलेट पेपर से कराने का निर्णय लिया गया है। यह भी कहा था कि 2019 के चुनाव बैलेट पेपर से ही हुए थे।

इससे पहले गुरूवार दोपहर ही राज्य चुनाव आयोग ने अर्जेंट वीसी की।इसमें सभी जिलों के उप जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिया  कि वो अपने-अपने जिलों में ईवीएम की फर्स्ट लेवल चेकिंग की तैयारी करें। इसे  12 जनवरी को करने कहा गया है। 

बता दें कि पिछले दिनों डिप्टी सीएम अरूण साव ने मीडिया को बयान में कहा था कि नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव बैलेट पेपर से कराये जायेंगे।
लेकिन आज अचानक से जिस तरह से निकाय चुनाव के लिए ईवीएम को चेक करने के निर्देश दिये गये हैं, उससे साफ है कि नगरीय निकाय चुनाव को आयोग ईवीएम के जरिये कराने जा रहा है। जानकारी के मुताबिक आज दोपहर बाद 3 बजे सभी जिलों को इलेक्शन कमीशन से मैसेज भेजा गया कि 3 बजे सभी डिप्टी डीईओ वीसी में जुड़ेंगे। वीसी में ईवीएम के बारे में सभी जिलों से जानकारी ली गयी। जिलों से पूछा गया कि उनके पास कितने ईवीएम की उपलब्धता है, कितने अच्छी स्थिति में और कितने खराब है।

चुनाव आयोग ने जिलों से ली ईवीएम की जानकारी जानकारी लेने के बाद आयोग ने सभी जिलों में ईवीएम के फर्स्ट लेवल चेकिंग के निर्देश दिये हैं, ताकि ईवीएम की स्थिति और संख्या की जानकारी मिल जाये। चुनाव आयोग ईवीएम से चुनाव को लेकर काफी गोपनीयता भी बरत रहा है।

आरक्षण जनसंख्या के आधार -साव
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नगरीय निकाय चुनाव के आरक्षण पर कांग्रेस  के आरोप पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि, दुनिया को पता है कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के आरक्षण की व्यवस्था जनसंख्या के आधार पर होती है। और निकायों में जनसंख्या के आधार पर ही आरक्षण हुए हैं। कांग्रेस हमेशा भ्रम फैलाकर राजनीति करते आई हैं। लोगों के बीच बेबुनियाद बातें रखना कांग्रेस की आदत रही है। उन्होंने कहा कि, आरक्षण की पूरी प्रक्रिया नियमानुसार हुई है और अनुसूचित जनजाति को शहर व गांव में जनसंख्या के आधार पर ही आरक्षण मिला है। ईवीएम से निकाय चुनाव पर कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा अपनी असलियत पर आ ही गई। पहले कहा बैलेट पेपर से चुनाव होगा। अब जब फीड बैक मिला कि ये चुनाव जीत नहीं सकते, तो यू टर्न लेकर ईवीएम से चुनाव करा रहे। दरअसल, भाजपा की जान ईवीएम में बसती है। 


अन्य पोस्ट