रायपुर
25 को सभी मंडलों में पढ़ी जाएगी संविधान की प्रस्तावना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 जनवरी। भाजपा प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन की अध्यक्षता में कोर कमेटी मंत्रिमंडल व महामंत्रियों की बैठक प्रारंभ हो गई है।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय , उपमुख्यमंत्री अरुण साव , विजय शर्मा समस्त मंत्री व कोर कमेटी सदस्य उपस्थित है। इसके बाद पंचायत व नगरीय निकाय चुनाव पर कार्यशाला हुई। दोपहर हुई कार्यशाला में संविधान गौरव दिवस के आयोजनों की रूपरेखा बनी।
पार्टी 11 से 25 जनवरी तक भारतीय संविधान के 75वें वर्ष की गौरवशाली यात्रा के अवसर पर संविधान गौरव अभियान का आयोजन कर रही है। इसके संचालन के लिए प्रदेशस्तरीय समिति भी गठित की गई है। समिति के संयोजक पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल बनाए गए हैं। विधायक गुरु खुशवंत समिति के सह संयोजक होंगे और नीलकंठ टेकाम, अजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नवीन मार्कण्डेय और श्रीमती किरण बघेल को सदस्य नियुक्त किया गया है।
चंदेल ने बताया कि 11-25 जनवरी तक सभी प्रदेशों की राजधानी एवं प्रमुख केन्द्रों पर 50 गोष्ठियों का आयोजन किया जायेगा। इन गोष्ठियों में केन्द्र सरकार के मंत्री एवं राष्ट्रीय नेताओं का संबोधन होगा। इसी प्रकार सभी जिला केन्द्रों में अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान पर गोष्ठियों का आयोजन किया जायेगा। स्कूल, कालेज, विश्वविद्यालय एवं सभी शिक्षण संस्थानों में च्हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान विषय पर क्विज, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा।
युवा मोर्चा द्वारा अनुसूचित जाति छात्रावासों एवं कालेज संपर्क के माध्यम से युवाओं में डॉ.अम्बेडकर के योगदान और भाजपा की संविधान के प्रति प्रतिबद्धता को प्रचारित किया जायेगा। श्री चंदेल ने बताया कि अनुसूचित जाति बहुल जिलों में रैली एवं सभा का आयोजन के अलावा 25 जनवरी को सभी मंडलों पर पार्टी के कार्यकर्ता आमजन के साथ एकत्रित होकर के भारतीय संविधान के प्रस्तावना एवं नीति निर्देशक तत्व को पढ़ेंगे व संक्षिप्त में इस पर चर्चा करेंगे।