रायपुर
तस्वीर/‘छत्तीसगढ़’
रविशंकर विश्वविद्यालय परिसर में इन दिनों में बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई हो रही है। काटे गए दर्जनों पेड़ परिसर के बंजारी मंदिर, और सीबीएस बिल्डिंग के बगल में ढेर किए गए हैं। इस कटाई के लिए बकायदा सवा लाख रूपए का कटाई ठेका दिया गया है। विवि के सूत्र बताते हैं कि छोटे-बड़े सभी तरह के 10 हजार पेड़ काटे जाएंगे। इस कटाई से विश्वविद्यालय की हरियाली तार-तार हो रही है। इसे लेकर पर्यावरण प्रेमियों में भारी रोष है। इससे पहले भी विवि के मूर्ति चौक के पास एक कर्मचारी द्वारा लगाए गए पेड़ों को काटा गया था। इस कटाई पर कुलपति डॉ. सच्चिदानंद शुक्ला का कहना है कि नए भवन के निर्माण के लिए यह कटाई आवश्यक हो गई है। पेड़ कटाई के लिए नियमानुसार सक्षम प्राधिकार से अनुमति ली गई है। विवि एक सरकारी संस्थान है। यहां जो भी काम होता है वो नियमानुसार होता है।