रायपुर
कोर्ट में टूटेजा, अनवर ढेबर के बयान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 जनवरी। पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा और बेटे हरीश लखमा से ईडी अफसर आज तीसरी बार पूछताछ करेंगे। इससे पहले दोनों के घर छापेमारी के बाद दो बार पूछताछ हो चुकी है । दोनों ही इस समय ईडी आफिस पहुंचे है।
इससे पहले ढाई हजार करोड़ के शराब घोटाला मामले में पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा अपने पुत्र हरीश कवासी के साथ 3 जनवरी को भी ईडी ने पूछताछ की थी। उसके बाद दोनों को आज दोबारा बुलाया गया था। दोपहर 2 बजे तक उनसे पूछताछ चल रही थी। इससे पहले दफ्तर पहुंचने पर हरीश लखमा ने मीडिया से कहा कि पूछताछ के लिए बुलाया है। यह पूछने पर कि क्या पूछताछ सामान्य हो रही, या दबावपूर्वक। हरीश ने कहा उनका काम वो कर रहे हैं। हरीश अपने साथ कुछ पेपर भी लेकर पहुंचे हैं। इधर इसी मामले में पूर्व आईएएस अनिल टूटेजा, और कारोबारी अनवर ढेबर की आज एसीबी ईओडब्ल्यू कोर्ट में पेशी है। जहां दोनों आरोपियों की बयान दर्ज होने हैं। टूटेजा, और ढेबर बीते एक साल से जेल में है। प्रदेश के सबसे बड़े शराब घोटाले को लेकर डेढ़ दर्जन से अधिक अधिकारी-कर्मचारी, और कारोबारी भी सजा काट रहे हैं। इस मामले में कवासी लखमा से जुड़े सुशील ओझा, सुकमा नगर पालिका अध्यक्ष जगन्नाथ राजू साहू, और धमतरी के ठेकेदार रामभुवन सिंह भदौरिया से भी पूछताछ होनी है। ईडी ने दिसंबर अंत में इन सभी के ठिकानों में छापेमारी की थी। जहां से बड़ी मात्रा में डिजिटल सबूत, मोबाइल और कागज जब्त किए हंै। यह पूछताछ इन्हीं की जांच के बाद की जा रही है। ईडी ने कवासी लखमा से बेटे-बहु की संपत्तियों का विवरण भी जमा कराया है।