रायपुर
पिछले वर्ष बिना हैलमेट के 424 बाइक चालकों की मौत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 जनवरी। ट्रैफिक पुलिस राजधानी से बाहर जाने वाले बाइक सवारों को हेलमेट पहनने सख्ती करेगी। पुलिस का कहना है कि जिला रायपुर में वाहनों की बढ़ती संख्या व अच्छी सडक़ों पर वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार के कारण दुर्घटनाओं में काफी वृद्धि हुई है। वर्ष 2023 में जहां 1961 सडक़ दुर्घटनाओं में 507 लोगों की मौत हुई थी वहीं साल 2024 में 2079 सडक़ हादसों में 594 लोगों की मौत हुई है जिसमें सर्वाधिक 424 दोपहिया चालक एवं सवार शामिल हैं।
दुर्घटनाओं में दोपहिया चालकों की मौत का यह आंकड़ा काफी डरावना है। दुर्घटनाओं के विश्लेषण में यह तथ्य सामने आया है कि सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण अधिक लोगों की मौत हुआ है। दोपहिया चालक हेलमेट धारण किये होते तो निश्चित ही 40-50 प्रतिशत मौतें कम होती। कई बार जागरूकता अभियान चलाए जाने व कार्यवाही करने के उपरांत भी दोपहिया चालक हाइवे में हेलमेट लगाकर चलने की आदत नही बना पाए है। सडक़ पर निकलते है तो यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि हमें अनिवार्य रूप से यातायात नियमों का पालन कर वाहन चलाना है। दोपहिया में हेलमेट, चारपहिया में सीट बेल्ट लगाना है, नशे की हालत में व तेज रफ्तार वाहन नही चलाना है तभी दुर्घटनाओं में कमीं लाया जा सकता है।
इन मौतों को कम करने पुलिस अब दोपहिया चालकों को हाइवे में अनिवार्य रूप से हेलमेट धारण करने के लिए प्रेरित करेगी, शहर के आउटर क्षेत्र के 5 जगहों को चिन्हांकित किया गया है जहां पहले समझाइस के बाद कार्यवाही भी की जाएगी।