रायपुर

महादेव सट्टा: असीम दास की जमानत रद्द, 14 की रिमांड बढ़ी
06-Jan-2025 6:04 PM
महादेव सट्टा: असीम दास की जमानत रद्द, 14 की रिमांड बढ़ी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 6 जनवरी। महादेव सट्टा एप मामले में जेल में बंद कार ड्राइवर असीम दास की जमानत को विशेष न्यायाधीश ने रद कर दिया है। असीम की ओर से जमानत आवेदन दाखिल किया गया था, जिसमें उसने खुद को फंसाने का आरोप लगाते हुए जमानत की मांग की थी। इसके जवाब में अभियोजन पक्ष ने विरोध करते हुए अदालत को बताया कि मामले की जांच ईडी के साथ-साथ आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) द्वारा भी की जा रही है। अभियोजन ने यह भी कहा कि जमानत मिलने पर साक्ष्य प्रभावित हो सकते हैं और आरोपित के विदेश भागने की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता। न्यायालय ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद असीम दास की जमानत आवेदन को रद कर दिया।

इनकी रिमांड बढ़ी

महादेव सट्टा एप मामले में जेल में बंद 14 आरोपितों की रिमांड भी कोर्ट ने एक मार्च तक के लिए बढ़ा दी है। आरोपितों में राहुल वटे, एएसआई चंद्रभूषण वर्मा, किशनलाल वर्मा, अतुल सिंह, निलंबित हेड कांस्टेबल भीमसिंह यादव, रितेश कुमार यादव, अर्जुन सिंह यादव, सहदेव यादव, सतीश चंद्राकर, सुनील दमानी, अमित अग्रवाल, नीतीश दीवान, भारत ज्योति और विश्वजीत राय शामिल हैं। इन आरोपितों की रिमांड की अवधि समाप्त होने पर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया।

इस दौरान अभियोजन पक्ष ने जांच की प्रक्रिया जारी होने की बात कही और रिमांड को आगे बढ़ाने का अनुरोध किया, जिसे विशेष न्यायाधीश ने स्वीकार करते हुए आरोपितों को फिर से जेल भेजने का आदेश दिया।


अन्य पोस्ट