रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 जनवरी। छत्तीसगढ़ के बीएड प्रशिक्षित शिक्षक अपने समायोजन के लिए अनिश्चितकालीन आंदोलन कर रहे है। सरकार ने मुख्य सचिव की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय कमेटी गठित किया है। इसके विरोध में इन शिक्षकों ने रविवार से आमरण अनशन प्रारंभ कर दिया है। कर्मचारी नेता विजय कुमार झा ने बताया है कि छत्तीसगढ़ राज्य में अनेकों कमेटी का गठन हुआ। डीएन तिवारी कमेटी, सरजीयस मिंज कमेटी, इंदिरा मिश्रा कमेटी, एम के राउत कमेटी, स्कूल सफाई कर्मचारी, मध्यान भोजन रसोईया कर्मचारी की मांगों पर भी कमेटियों का गठन हुआ।और किसी कमेटी का निर्णय सामने नहीं आया।
लिपिको की वेतन विसंगति के लिए गठित डी एन तिवारी कमेटी जिसने कर्मचारियों के पक्ष में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया था उस प्रतिवेदन को स्वीकार करते हुए उसके ऊपर मिंज कमेटी का गठन किया गया। सबसे दुर्भाग्य जनक स्थिति झीरम घाटी कमेटी का भी रिपोर्ट आज तक नहीं आया। जिसमें प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की हत्या हुई थी?। ऐसी स्थिति में प्रदेश में कोई भी कमेटी का गठन टालमटोल एवं सहायक शिक्षकों के साथ छल-कपट की नीति का परिचायक है। कर्मचारी नेता श्री झा ने शिक्षरों को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में कर्मचारी आंदोलन का इतिहास है कि जब-जब गिरफ्तारी, बर्खास्तगी लाठी चार्ज हुआ है, तब तब कर्मचारी जीता है। इसलिए बर्खास्तगी और गिरफ्तारी से निराश नहीं होना चाहिए। आंदोलन को छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा एवं फेडरेशन के पेंशनर संगठन के जिला अध्यक्ष सी एल दुबे ने भी संबोधित कर समर्थन किया है।