रायपुर
सांसद कार्यालय से जारी एक बयान पर कुम्हारी टोल पर हो रही रोजाना किचकिच
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 जनवरी। पिछले तीन चार दिनों से रायपुर दुर्ग भिलाई के रहवासियों के हर ग्रुप में कुम्हारी टोल प्लाजा में वसूली बंद होने न होने को लेकर एक ही चर्चा छिड़ी हुई है। वसूली बंद होने को लेकर सांसद के पत्र को ग्रुप में वायरल करते ही वसूली का शिकार वाहन चालक फौरन टोल रसीद या फास्टटैग की रसीद को वायरल कर रहा है। इतना ही नहीं बंद होने के आदेश के हवाले से टोल गेट कर्मियों से वाद विवाद भी होने लगा है ।
दरअसल यह पूरा संशय, विवाद सांसद बृजमोहन अग्रवाल के एक पत्र को लेकर उभरा हुआ है। और उनके मीडिया सेल ने वसूली बंद होने का दावा करते हुए समाचार भी जारी कर दिया था। अग्रवाल ने संसद को शीत सत्र के दौरान 13 दिसंबर को केंद्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडक़री से मुलाकात कर आधा दर्जन सडक़ों के निर्माण की मांग करते हुए कुम्हारी टोल प्लाजा में वसूली बंद करने की मांग करते हुए पत्र सौंपा था। इस पत्र पर गडक़री ने 10 दिन बाद 23 दिसंबर को अग्रवाल को सूचित किया कि आपका पत्र कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारी को भेजा गया है। केवल इतना ही कहा था गडक़री ने।
और इधर अग्रवाल के मीडिया सेल ने इस पर यह खबर जारी किया कि टोल वसूली बंद हो गई है। इसके बाद से रायपुर दुर्ग के बीच आवाजाही करने वाले समर्थक,रहवासी तारीफों के पुल बांधने लगे तो वहां से गुजरने पर वसूली के शिकार टोल वसूली चालू होने और अपनी रसीद वायरल करने लगे हैं। और जो इस पत्र को आदेश बता रहे वो टोल कर्मियों के साथ विवाद दुर्व्यवहार का शिकार होने के साथ टोल देकर ही आगे जा पा रहे हैं। कल एक ऐसे ही शिकार राहगीर कार सवार ने टोल कर्मी का वीडियो बयान शेयर कियाहै।
उसका कहना है कि टोल बंद करने का कोई आदेश नहीं आया है। आज कल पैसे का खेल है आप खुद जानते हो। पैसा फेंकों तमाशा देखो वाला हिसाब है। हमारी जो कंपनी है एबीसीएल उससे (गडक़री, बृजमोहन)से ज्यादा बड़ी कंपनी है। जो पैसा खिलाएगा सब होगा। पैसा खिलाएगा कि नहीं बंद होगा तो नहीं बंद होगा। सांसद के इस एक पत्र ने टोल से गुजरने वाले हर किसी के साथ विवाद खड़ा कर रखा है ।
