रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 जनवरी। नकली पुलिस बनकर अवैध वसूली करते पकड़ाए तीन युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। रमेश साहू ने मंगलवार को लिखित शिकायत की थी। 29 दिसंबर को अपने साथी रविशंकर रजक के साथ हाईवा सीजी 25पी 6533 एवं सीजी 22 ए ई 9875 से रेत लाने मोहकम रेत घाट गया था । जहां से वापस आते समय रात्रि करीबन 2 बजे चरण ढाबा समोदा के पास एक स्कार्पियो क्रं. सीजी 04 एन के 7043 जिसमें सायरन एवं बत्ती लगी थी। और उसमें सवार तीन व्यक्तियों ने हाईवा को रोककर अपने आप को पुलिस बताकर कागजात रायल्टी मांगा। नहीं देने पर एक-एक हजार रूपये दो नहीं तो तुम लोगों को गाड़ी के साथ अंदर कर देंगे कहकर धमकी दी। नाम पुछने पर प्रवीण चन्द्राकर, भागवत वैष्णव, एवं निखिल कुमार बाघमारे बताया। जिन्हे एक-एक हजार रूपये दिए। इस रिपोर्ट पर धारा 308(2), 205, 3(5) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना दौरान प्रार्थी द्वारा बताए गए व्यक्ति का नाम एवं वाहन का नम्बर पता साजी कर आरोपी प्रवीण चन्द्राकर, भागवत वैष्णव, एवं निखिल कुमार बाघमारे को हिरासत मे लेकर पूछताछ में वसूली स्वीकार किया। पीएसओ द्वारा पहनी जाने वाली नीली सफारी वर्दी तथा स्कार्पियों वाहन क्रं. सीजी 04 एन के 7043 जिसमें सायरन एवं बत्ती लगा हुआ व एक-एक हजार रूपये को पेश करने पर विधिवत मुताबिक जप्ती पत्रक के जप्त कर कब्जा पुलिस में लिया गया। आरोपी प्रवीण चन्द्राकर, भागवत वैष्णव, एवं निखिल कुमार बाघमारे को आज गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा।
पुलिस का इकबाल खत्म: इस घटना पर कांग्रेस के मीडिया प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि यह पुलिस के इकबाल खत्म होने का मामला है। कानून व्यवस्था पहले ही खत्म हो गई थी। पुलिस की वसूली को देखते हुए अब अपराधिक तत्व भी उसके नाम पर वसूली कर रहे हैं।