रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 जनवरी। विष्णुदेव सरकार नवा रायपुर में मंत्री अफसरों की तेज होती बसाहट के बीच आम लोगों के लिए भी आवासीय योजना बना रही है।नया विहार नाम से एक नया नगर विकसित करने की योजना बना रही है।
इसके लिए करीबन आधा दर्जन गांवों की 1100 एकड़ से ज्यादा जमीन ली जाएगी। जिन लोगों की जमीन ली जाएगी, बदले में उन्हें 30-40 फीसदी विकसित प्लॉट देते हुए शेष जमीन आम लोगों को बेची जाएगी।
जानकारी के अनुसार, नए विहार में आवासीय, कमर्शियल, चिकित्सा और शिक्षा के लिए भी जमीन रिजर्व की जाएगी। जरूरतमंद लोग और संस्था अपनी जरूरतों के अनुसार जमीन की खरीदी कर सकेंगे। योजना को नवा रायपुर के मास्टर प्लान के अनुसार ही डेवलप किया जाएगा।
इस संबंध में राजपत्र में अधिसूचना जारी कर दी गई है। नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण ने प्रारूप तैयार कर लिया है। इसमें वो सभी सुविधाएं होंगी जो नए शहर में होनी चाहिए है। अंडरग्राउंड बिजली वायर, सीवरेज प्लांट, चौड़ी सडक़ें, वाई-फाई, घरों में पाइपलाइन से एलपीजी की सप्लाई समेत सुविधाएं होंगी। यह योजना ग्राम बरौदा, रमचंडी, रीको, मंदिरहसौद तहसील, आरंग, सेरीखेड़ी, नकटी के तहत कुल 436.0152 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित की जाएगी। यह योजना आम लोगों के अवलोकनार्थ एनआरडीए, संयुक्त संचालक नगर निवेश और कलेक्टर रायपुर के कार्यालय में उपलब्ध है।