रायपुर

2007 में नियमित हुए दैवेभो को फुल पेंशन की पात्रता
01-Jan-2025 2:55 PM
2007 में नियमित हुए दैवेभो को फुल पेंशन की पात्रता

सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर सरकार से मांग 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 जनवरी।
दिसंबर जाते जाते छत्तीसगढ़ मप्र में कार्यरत वन विभाग के  दैवेभो कर्मचारियों के लिए सुप्रीम कोर्ट  खुशखबरी दे गया। कोर्ट ने 7 में नियमित हुए 1988 से कार्यरत कर्मियों को फुल पेंशन की पात्रता दी है।

कोर्ट के फैसले के हवाले से कर्मचारी संघ के महामंत्री एस जी जिलानी ने बताया कि दिसंबर 1988 के पूर्व एवं जनवरी 1989 से दिसंबर 1997 तक की अवधि के कार्यरत रहे दैवेभो कर्मचारियों को नियमित स्थापना के रिक्त एवं आवश्यकतानुसार सांख्येत्तर पद निर्मित कर नियमितीकरण की कार्यवाही समस्त विभागों में की गई थी। नियमितीकरण के पश्चात अपनी अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के लिये पेंशन की पात्रता नहीं होने के कारण उच्च न्यायालय बिलासपुर द्वारा पारित निर्णय के परिपेक्ष्य में छग वित्त विभाग के अगस्त 18 के निर्देश इन कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति / मृत्यु उपरांत न्यूनतम दस वर्ष की सेवा गणना के आधार पर पेंशन नियम 1976 एवं 1979 के प्रावधानों के तहत न्यूनतम पेंशन का भुगतान कराने की कार्यवाही समस्त विभागों द्वारा संयुक्त संचालक कोष लेखा एवं पेंशन के माध्यम से की जा रही है।

उच्च न्यायालय द्वारा विभिन्न प्रकरणों में अनवरत निर्णय पारित कर यह निर्देशित किया जा रहा है कि दैवेभो कर्मचारी से नियमित होने के पश्चात सेवा निवृत्ति उपरांत सेवा गणना में दैवेभो कर्मचारी के रूप में की गई सेवा अवधि को शामिल कर पेंशन का भुगतान किया जाए। इस परिपेक्ष्य में संघ द्वारा विगत पांच वर्षों से अनवरत निवेदन किये जाने के उपरांत भी शासन स्तर से किसी भी प्रकार का निर्देश जारी ना कर सीधे तौर पर उच्च न्यायालय बिलासपुर द्वारा पारित निर्णय की अवमानना की जा रही है, जो उचित नहीं है।

गौरतलब हो कि सर्वोच्च न्यायालय ने एक एसएलपी पर 20 दिसंबर 2024 को निर्णय पारित कर निर्देशित किया गया है कि दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी के रूप में की गई सेवा अवधि को पेंशन गणना में शामिल करते हुए पेंशन का भुगतान सेवा निवृत्ति उपरांत किया जाए। इस प्रकार यह स्पष्ट हो चुका है कि दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी से नियमितीकरण उपरांत सेवा निवृत्ति के पश्चात पेंशन गणना में उक्त सेवा को शामिल करते हुए पेंशन का भुगतान किया जाना चाहिए।

इस फैसले के आधार पर सीएम वित्त, वन मंत्री से मांग की है कि इनकी सम्पूर्ण सेवा अवधि को पेंशन गणना में शामिल कर पेंशन भुगतान के लिए  संशोधित निर्देश जारी करें।


अन्य पोस्ट