रायपुर

दो दिन में 5500 किलो नकली पनीर जब्त
31-Dec-2024 6:27 PM
दो दिन में 5500 किलो नकली पनीर जब्त

फैक्ट्री सील दोनों के संचालक आगरा, मुरैना के निवासी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 31 दिसंबर। खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने मंगलवार को दूसरे दिन भी नकली पनीर फैक्ट्री में छापेमारी जारी रखी। आज सुबह बिलासपुर रोड स्थित एसजे डेयरी प्रोड्क्ट  फैक्ट्री को घेरा जहां से तीन टन नकली पनीर के लूज और पैकेट जब्त किए। इस फैक्ट्री में सस्ते दूध पाउडर, कैमिकल, डालडा, एसएमपी, पाम ऑयल के साथ-साथ बालो को काला करने में इस्तेमाल डाई का उपयोग किया जा रहा था। यहां पनीर मिल्की मलाई के नाम से बिकता था। टीम के पहुंचते ही फैक्ट्री संचालक अंशुल बंसल (मुरैना मध्यप्रदेश) और उनके कर्मचारियों ने विवाद और हाथापाई शुरू कर दी। खाद्य विभाग की टीम ने दो दिनों में साढ़े पांच टन नकली पनीर को जब्त किया है। इससे पहले सोमवार शाम बीरगांव में संचालित नकली पनीर फैक्ट्री में दबिश दी है।  इस फैक्ट्री का नाम काशी एग्रो  है। जहां दूध से नहीं केमिकल डालडा से पनीर बनाया जा रहा था । फैक्ट्री से 2500 किलो तैयार- पैक्ड पनीर और पनीर बनाने के इस्तेमाल डालडा पॉम ऑयल मैदा, एसएमपी, एलपीजी सिलेंडर, बड़ी बड़ी कढ़ाई,ट्रे आदि  सामग्रियां मिली है जिन्हें बरामद किया गया है ।

अफसरों के अनुसार  इस फैक्ट्री में  खराब और मिलावटी पनीर बनाने की सूचना विभाग के नियंत्रक चंदन कुमार को मिली थी।  इसके बाद अपनी टीम के अधिकारियों सहायक आयुक्त मोहित बेहरा, नितेश मिश्रा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राखी ठाकुर, क्षीरसागर पटेल, अजीत बघेल, सतीश राज के साथ मौके पर पहुंचे। करीब 3 से 4 घंटे तक चली जांच के बाद फैक्ट्री में बनाए जा रहे नकली पनीर को लेकर बड़ा खुलासा हुआ। जांच अधिकारियों को फैक्ट्री से कई तरह के केमिकल मिले। इन्हें मिलकर ही यह पनीर तैयार किया गया था। अफसरों ने बताया कि डालडा, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, स्कीम मिल्क पाउडर (एस एम पी) मिलाकर 2500 किलो पनीर तैयार किया गया था। जिसे जब्त किया है। फैक्ट्री के कई दस्तावेज स्टॉक रजिस्टर प्रोडक्ट में शामिल इंग्रेडिएंट्स की जानकारी, पैकेजिंग से जुड़े दस्तावेज और कई तरह के सामान जप्त किए गए हैं। औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक चंदन कुमार ने बताया की फैक्ट्री को सील कर संचालक के खिलाफ एफआईआर  भी करवाई जा सकती है।

इस फैक्ट्री में हजारों किलो पनीर तैयार किया जा रहा था। इसे कई होटलों में सप्लाई किया जाने वाला था। न्यू ईयर पार्टी में ये नकली पनीर असली बताकर लोगों को परोसा जाता। अफसरों ने जांच में पाया कि तैयार किए गए। पनीर में एक बूंद भी दूध की नहीं थी, बल्कि इसे पूरी तरह से खराब क्वालिटी के तेल और हानिकारक केमिकल से तैयार किया गया था। रायपुर से बाहर भी यह पनीर सप्लाई किया जा रहा था।

छापामार टीम के एक अफसर ने बताया कि फैक्ट्री संचालक का नाम शिवम गोयल है और वह मूलत: आगरा का रहने वाला है । उसने करीब 4 माह पहले ही नकली पनीर बनाने वाली फैक्ट्री शुरू किया था। जहां करीब 13 कर्मचारी काम करते थे। और यह पूरा माल रायपुर में कम ओडिशा में खपाता था । शिवम को आज पूछताछ के लिए बुलाया गया। और पनीर के सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद बीएनएस और खाद्य सुरक्षा मानक एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया जाएगा । और मामला कोर्ट में पेश करेंगे। अफसर का कहना है कि शिवम, नकली पनीर बनाने और खपाने का बड़ा गिरोह चलाता है। इसके साथ 2-4 और लोग शामिल हैं सबकी तलाश की जा रही है ।शिवम  के गृह क्षेत्र आगरा और उससे लगे भिंड मुरैना और आगरा देश में नकली मावा पनीर खोवा बनाने के सबसे बड़े इलाके हैं।


अन्य पोस्ट