रायपुर

भाजपा के जिलाध्यक्ष हफ्तेभर में, किरण को दूसरा मौका
31-Dec-2024 6:18 PM
भाजपा के जिलाध्यक्ष हफ्तेभर में, किरण को दूसरा मौका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 31 दिसंबर। भाजपा में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति हफ्तेभर के भीतर हो सकती है। सभी जिलों में बैठक होगी, और वहां चुनाव अधिकारी अध्यक्ष का लिफाफा खोलेंगे।

प्रदेश भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री (संगठन) अजय जामवाल और प्रदेश महामंत्री पवन साय ने पिछले दिनों प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन, और राष्ट्रीय सहमहामंत्री शिवप्रकाश के साथ जिला अध्यक्षों के पैनल पर चर्चा की। सूत्रों के मुताबिक सभी जिलों में पैनल में से एक-एक नाम छांट लिए गए हैं।

बताया गया कि ये सभी नाम बंद लिफाफे में जिला अध्यक्षों के चुनाव अधिकारी को दिए जाएंगे, और फिर जिले की बैठक में चुनाव अधिकारी नाम की घोषणा करेंगे। कहा जा रहा है कि सभी 35 संगठन जिलों में नए चेहरे को कमान सौंपी जा रही है। स्थानीय नेताओं से चर्चा के बाद पैनल तैयार किया गया। रायपुर, दुर्ग, भिलाई और बिलासपुर के जिला अध्यक्ष को लेकर काफी खींचतान हुई। कम से कम 6 जिलों में महिला अध्यक्ष बनाए जाने की जानकारी पार्टी सूत्रों ने दी है।

सूत्रों के मुताबिक प्रदेश महामंत्री पवन साय लौट आए हैं। जबकि अजय जामवाल हिमाचल प्रदेश चले गए हैं। वो दो-तीन दिन में लौट आएंगे, इसके बाद जिला अध्यक्ष के चुनाव की औपचारिकता पूरी की जाएगी।

किरणदेव रिपीट होंगे

मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव को फिर से रिपीट किया जा सकता है। किरणदेव को सालभर से भी कम समय हुए हैं, ऐसे में निकाय और पंचायत चुनाव के चलते पार्टी किसी तरह के बदलाव के पक्ष में नहीं दिख रही है। ऐसे में उनके दोबारा अध्यक्ष बनने की संभावना जताई जा रही है।


अन्य पोस्ट