रायपुर

टिकरापारा से खरोरा तक मारपीट हमले की आधा दर्जन घटनाएं
29-Dec-2024 3:56 PM
टिकरापारा से खरोरा तक मारपीट  हमले की आधा दर्जन घटनाएं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 दिसंबर।
शनिवार को दोपहर से शाम तक अलग अलग कारणों से टिकरापारा से खरोरा तक मारपीट हमले की आधा दर्जन घटनाओं के अपराध दर्ज किए गए।
न्यू राजेन्द्र नगर के पवन विहार कॉलोनी में  शिवा वासवानी (30) के साथ रोहित राउतकर (29) ने मारपीट की ।शिवा, रोहित का देनदार था। रोहित दोपहर 2 बजे शिवा के स्टूडियो पहुंचा और पेमेंट न देने को लेकर गाली गलौज कर मारपीट की और दांत से शिवा के कान के पास काट दिया। शिवा की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 296,351-2,118-1 का अपराध दर्ज कर लिया है।

इसी तरह से गुढिय़ारी के कृष्णा नगर रामनगर निवासी अश्विनी तांडवा ने कल दोपहर  पत्नी श्रीमती सरस्वती तांडवा से साथ गाली गलौज धमकी देकर हाथ मुक्के से मारपीट की । 
टिकरापारा के मोती नगर  में आधा दर्जन से अधिक युवकों ने एक दुकान में तोडफ़ोड़ की। सोहेल,जिब्रान,सैफ,अमीर शादाब व साथी कल शाम   कविता नगर निवासी अली हुसैन शाह (40) की मोती नगर स्थित दुकान पहुंचे। पहले अली हुसैन की बाइक को लात मारकर गिराया। और फिर गाली गलौज करते हुए डंडे बेसबॉल के बैट,हाथ मुक्के से मारपीट कर हमला किया । इन लोगों ने दुकान में भी तोड़फ़ोड़ की। अली हुसैन की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 296,191-2,3,190,109,324-4 मामला दर्ज कर लिया है। 

एक ही थाना इलाके में तीन मामले 
खरोरा में मेला देखने पहुंचे युवकों में मारपीट हुई। ग्राम मटिया निवासी शत्रुघन, सागर साहू और दो अन्य साथी कल शाम मेला देखने गए थे। जहां शत्रुघन ने रिश्तेदार के पैर छूने की बात पर  सागर साहू से गाली गलौज कर हाथ मुक्के और चूड़े से हमला किया । इसी तरह से रात करीब 9 बजे बेलदार सिवनी में युवकों के दो खेमे आपस में भिड़ गए। इनमें रोहित वर्मा के नरोत्तम वर्मा,सुनील, सत्यम वर्मा ने गाली गलौज मारपीट की । नरोत्तम ने भी रोहित,कमलेश  धीवर व साथियों पर मारपीट का अपराध दर्ज कराया। इसी तरह से आधी रात ग्राम मूरा में हरीश चतुर्थ, मनीष कोसले ने मनोज सारंग के साथ गाली गलौज कर हाथ मुक्के से मारपीट की। पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है।


अन्य पोस्ट