रायपुर
राजधानी को बड़ी राहत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 दिसंबर। राजधानी की ट्रैफिक के लिए नासूर बन चुके शास्त्री चौक पर अब आटो रिक्शा खड़े नहीं होंगे। पुलिस ने कव 29 दिसम्बर से शास्त्री चौक में आटो एवं ई रिक्शा वाहन का प्रवेश बैन कर नो ऑटो ज़ोन घोषित कर दिया है। पुलिस नेआटो संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर यह फैसला सुनाया है।
शहर के हृदय स्थल शास्त्री चौंक में सवारी आटो एवं ई रिक्शा वाहनों के कारण बढ़ते यातायात के दबाव को कम करने व सुगम सुरक्षित यातायात व्यवस्था हेतु 29 दिसम्बर से सभी प्रकार के सवारी आटो एवं ई रिक्शा वाहनों का शास्त्री चौक आवागमन पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। इस संबंध में डॉ. अनुराग झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रायपुर द्वारा आटो चालक संघ के पदाधिकारियों की बैठक लेकर सुगम व्यवस्था बनाने में सहयोग करने व यातायात नियमों का पालन करने निर्देशित किया गया।
बता दें कि कल ही कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह एस.एस.पी. डॉ. लाल उमेंद सिंह, निगम आयुक्त अविनाश मिश्रा शहर की ट्रैफिक व्यवस्था का हाल चाल देखने पैदल प्रमुख सडक़ों पर निकले थे। इस दौरान शास्त्री चौक में सवारी आटो एवं ई रिक्शा के कारण यातायात पर बढ़ते दबाव को देखते हुए सभी प्रकार के सवारी आटो एवं ई रिक्शा वाहनों का शास्त्री चौक प्रवेश को पूर्णत: प्रतिबंध करने निर्देश दिया था। इस पर एएसपी अनुराग झा ने आटो एवं ई रिक्शा चालक संघ के पदाधिकारियों का बैठक कर प्रशासन का फैसला सुनाया।
बड़ी समस्या दूर हुई, अब स्टेशन चौक की बारी
इन आटो के दिन भर यहां जमे रहने से जिला कोर्ट, कलेक्टोरेट, डीकेएस जैसे व्यस्ततम परिसरों वाला यह इलाका आम लोगों की आवाजाही के लिए सबसे मुश्किलें भरा बना रहता था। और इन आटो चालकों की गुंडई से भी लोग जूझते रहे हैं। हाल के दिनों में तो आटो चालक चाकू-छुरी,कैंची तक चलाने लगे थे। इतना ही नहीं इन आटो में जेबकतरे भी अपना हाथ साफ करते रहे हैं। जो इन ड्राइवरों के ही परिचित युवक होते हैं । यह पूरा इलाका राजधानी का सबसे संवेदनशील हो चला था। अब तक राजधानी में कई एसपी कलेक्टर रहे हैं। और हर कोई इस समस्या से वाकिफ रहे लेकिन कार्रवाई करने किसी ने भी रूचि नहीं ली। अंतत: कई वर्षो बाद शहर वासियों को एक बड़ी समस्या से मुक्ति मिल जाएगी । शहरवासियों का कहना है कि इसके बाद रेलवे स्टेशन चौक की भी ऐसी ही समस्या दूर कर दी जाए तो बड़ी राहत होगी।
शास्त्री चौक से ऐसे आ-जा सकेंगे ऑटो
- टाटीबंध से होकर शास्त्री चौक की ओर आने वाले सवारी आटो शहीद स्मारक भवन तक आ सकते है। वे बाम्बे मार्केट कटिंग से यू टर्न कर वापस टाटीबंध की ओर आवागमन करेंगे।
- रेलवे स्टेशन से आटो कचहरी चौक तक आ सकते है खालसा स्कूल टर्निग से होकर पुन: रेलवे स्टेशन की ओर आवागमन करेंगे। यदि तेलीबांधा की ओर अथवा कालीबाड़ी की ओर आवागमन करना है तो ऑक्सिजोन से अम्बेडकर चौक मार्ग होकर आवागमन करेंगे।
- तेलीबांधा की ओर से आने वाले आटो नगर घड़ी चौक तक आ सकेंगे। वहां से बंजारी चौक से राजभवन चौक से अम्बेडकर चौक मार्ग होकर वापस जा सकेंगे। जय स्तंभ चौक की ओर जाने के लिए बंजारी चौक-डीकेएस हास्पिटल-लाल गंगा शॉपिंग माल रोड से होकर आवागमन कर सकेंगे।
- पचपेड़ीनाका से शास्त्री चौंक आने वाले सवारी आटो/ई रिक्शा बंजारी चौक में सवारी उतारकर यू टर्न लेकर वापस जा सकेंगे एवं रेलवे स्टेशन जाने के लिए बंजारी चौक से राजभवन चौक-अम्बेडकर चौक-आक्सिजोन होकर खालसा स्कूल चौक से मरहीमाता चौक होकर आवागमन कर सकेंगे।
