रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 दिसंबर। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने पीएचडी थीसिस एक्सीलेंस अवार्ड की घोषणा की है। आगामी नए सत्र से, मेडिकल, एग्रीकल्चर, इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, सोशल साइंस, भारतीय भाषाएं, कॉमर्स और मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में शोधकर्ताओं की बेहतरीन थीसिस को यह अवार्ड प्रदान किया जाएगा।
1 जनवरी से इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल खुल जाएगा, जहां शोधार्थी पंजीकरण कर सकते हैं। चयनित दस शोधार्थियों को 5 सितंबर, शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। यूजीसी के मुताबिक यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य पीएचडी शोध कार्यों की गुणवत्ता में सुधार करना है। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में शोधार्थियों की संख्या में वृद्धि तो हुई है, लेकिन शोध की गुणवत्ता पर ध्यान देने की आवश्यकता है।
यूजीसी के आंकड़ों के अनुसार, 2010-11 में पीएचडी पाठ्यक्रमों में कुल 77,798 दाखिले हुए थे, जो 2017-18 तक बढक़र 1,61,412 हो गए। इस वृद्धि में विज्ञान क्षेत्र का योगदान सबसे अधिक है। इसी के मद्देनजर, गुणवत्तापूर्ण शोध कार्यों को प्रोत्साहित करने के लिए यह योजना बनाई गई है।