रायपुर

डेका, साय और सिंहदेव शोकाकुल, एक जनवरी तक शोक
27-Dec-2024 3:50 PM
डेका, साय और सिंहदेव शोकाकुल, एक जनवरी तक शोक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 दिसंबर। 
पूर्व पीएम डॉ मनमोहन सिंह के निधन से देशभर में शोक की लहर है। केंद्र सरकार की ओर से दुख की इस घड़ी में 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है।इस दौरान कोई शासकीय मनोरंजन को कार्यक्रम नहीं होंगे। सभी सरकारी दफ्तरों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। दूसरी ओर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए है। कांग्रेस ने अगले सात दिनों के लिए रद्द कर दिया गया हैं। इसमें सभी आंदोलनात्मक और आउटरीच कार्यक्रम भी शामिल हैं। पार्टी के कार्यक्रम 3 जनवरी से पुन: प्रारंभ होंगे।

राज्यपाल  रमेन डेका ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। राजभवन में आयोजित शोक सभा में श्री डेका ने डॉ. सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि  डॉ.  सिंह  भारतीय राजनीति और अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे 2004 से 2014 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे और उनके कार्यकाल में देश ने कई आर्थिक सुधार देखे। उन्होंने वित्त मंत्री के रूप में भी कार्य किया, जहाँ उन्होंने आर्थिक उदारीकरण की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। उनकी नीतियों ने भारत को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान दिलाई।

शोकसभा में राज्यपाल श्री डेका विधिक सलाहकार श्री भीष्म प्रसाद पाण्डेय सहित राजभवन के अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। राज्यपाल ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। 

मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर दु:ख व्यक्त किया है। और आज के निर्धारित अपने सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है । साय ने कहा कि मनमोहन सिंह जी अर्थशास्त्र के उन दिग्गजों में से एक थे, जो देश के वित्त मंत्री, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के गवर्नर और योजना आयोग के प्रमुख जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहे। उन्होंने  शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। 

पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने आज उनके दिल्ली स्थित निवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने डॉ. मनमोहन सिंह की पुत्री  से मुलाकात कर शोक व्यक्त किया और परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की।


अन्य पोस्ट