रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 दिसंबर। सप्ताह भर पहले मुंबई गए ठेकेदार के सूने घर में सेंधमारी करने वाले चोर और मददगार नाबालिग को न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह चोर पूर्व में चोरी, नकबजनी एवं नारकोटिक एक्ट के प्रकरणों में जेल जा चुका था। उससे चोरी की नगदी रकम 30,000/- जब्त किए हैं।
अवधेश सिंह ने थाना न्यू राजेन्द्र नगर में रिपोर्ट दर्ज कराया था। पुलिस के मुताबिक वह महावीर नगर कुकरेजा फार्म हाउस के पीछे रायपुर में रहता है तथा कारपेंटर की ठेकेदारी करता है। वह 17 दिसंबर को अपने महावीर नगर स्थित मकान में ताला बंद कर शाम करीबन 6 बजे मुम्बई चला गया था। 19 दिसंबर को अवधेश के छोटे भाई ने फोन कर बताया कि घर का खिडक़ी का ग्रील एवं जाली कटा हुआ है, घर अंदर जाकर देखा तो पाया कि हाल में रखा सामान बिखरा पडा है, किचन में लगे खिडकी का ग्रील व जाली कटा हुआ है, बेडरूम में रखे दोनो आलमारी का ताला टुटा हुआ है। उसमें रखे नगदी रकम, आधार कार्ड नहीं था।
घर में लगे सीसीटीव्ही कैमरो का डीवीआर भी नहीं था। इस पर न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस ने धारा 331(4), 305, 3(5) बीएनएस का अपराध दर्ज कर पड़ताल शुरू की। मुखबीर की मदद से पतासाजी में तेलीबांधा निवासी अभय मिर्चे को घटना स्थल के आसपास देर रात्रि संदिग्ध अवस्था में देखा गया था। उसे पकडक़र पूछताछ करने पर अभय मिर्चे ने अपने साथी दीपक बंजारे एवं एक नाबालिग के साथ मिलकर चोरी स्वीकारा। पुलिस ने नाबालिग को पकड़ा लेकिन दीपक फरार हो गया है। दोनों को गिरफ्तार कर उनसे चोरी की नगदी 30,000/- रूपये एक्टिवा सी जी/04/एम जे/6828 जप्त किया गया है।