रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 दिसंबर। विधायक समर्थकों की मंडल अध्यक्ष बनाए जाने का प्रदेश भर में हो रहा विरोध असर कर गया। प्रदेश नेतृत्व ने विवादित भाजपा मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति को संगठन ने कल देर रात स्थगित कर दिया है। इनकी संख्या 19-20 जिलों में दो दर्जन से अधिक है।
प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह की अनुशंसा पर संगठन मंत्री पवन साय ने स्थगित करने का आदेश दिया है। इनमें राजधानी के रायपुर ग्रामीण के माना, बिरगांव , धरसींवा समेत कुल 12, गरियाबंद मंडल और बस्तर मंडलो के अध्यक्षों की नियुक्ति स्थगित हुई है। इनके अलावा बस्तर के लोहांडीगुड़ा, फिंगेश्वर,कवर्धा में दो मंडल भी शामिल हैं।
27 दिसंबर को अपील समिति इन पर पुनर्विचार करेंगी। यहां बता दें कि पिछले सप्ताह चित्रकोट के लोहांडीगुड़ा मंडल कार्यालय में पूर्व विधायक लच्छू कश्यप के समर्थकों ने तालेबंदी की थी। वहीं कल माना मंडल में ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू के समर्थक को अध्यक्ष बनाए जाने के विरोध में फुंडहर कार्यालय में तोडफ़ोड़ हुई थी। कार्यकर्ताओं ने विधायक की जमकर खिचाई की थी। विधायक ने कांग्रेस से आए अपने एक कार्यकर्ता को अध्यक्ष बनाया था।
चुनाव स्थगित करने की सिफारिश स्वयं करने के बावजूद प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह विवाद से इंकार कर रहे हैं। उनका यह कहना है कि जहां बहुत ज्यादा असहमति है वहां वरिष्ठ नेताओं से बातचीत कर समन्वय से अध्यक्ष तय कर लिया जाएगा । विवाद वाले मंडलों में रद्द नहीं किया है। एजईटईज रखा गया है। चुनाव अधिकारी खूबचंद पारख ने कहा कि 50 मंडलों में अध्यक्षों के उम्र और सहमति संबंधित समस्याएं हैं। जहां सर्वानुमति हो गई है वहां अध्यक्ष बना दिए गए हैं। बाकी जगह जल्द घोषणा करेगी।