रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 दिसम्बर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश भाजपा कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में स्व अटल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के साथ श्रद्धेय अटल जी के जीवन मूल्यों और उनकी उपलब्धियों पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ कर अवलोकन किया। छत्तीसगढ़वासियों को अथाह प्रेम करने वाले आदरणीय अटल जी को प्रदेशवासी सदैव याद रखेंगे।
इससे पहले सीएम साय ने शहर के अवंति विहार चौक पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुण्य स्मरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अटल जी छत्तीसगढ़वासियों की भावनाओं का सम्मान करने वाले महान राजनेता थे। मुख्यमंत्री ने अटल जी के जन्मशती के इस विशेष अवसर पर कहा कि अटल जी के मूल्यों को आत्मसात कर हम सभी राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक सुनील सोनी, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक राजेश मूणत सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।