रायपुर

महापुराण की वजह से क्लासेस सस्पेंड, सेमेस्टर दे रहे छात्र भी शोर से त्रस्त
24-Dec-2024 4:30 PM
महापुराण की वजह से क्लासेस सस्पेंड, सेमेस्टर  दे रहे छात्र भी शोर से त्रस्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 दिसंबर।
सेजबहार में पं. प्रदीप मिश्रा के शिव महापुराण कथा की वजह से सेजबहार सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को तो छुट्टी दे दी गई है लेकिन बाकी कक्षाओं की सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही है। हाल यह है कि परीक्षार्थियों को कॉलेज तक पहुंचने में भी दिक्कत हो रही है।

कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा के शिव महापुराण आज से शुरू हुआ। यह 30 तारीख तक चलेगा। इस आयोजन की वजह से वहां ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है। ट्रैफिक पुलिस ने पुराना धमतरी रोड की पुरी आवाजाही को डायवर्ट कर दिया है। कार्यक्रम स्थल के पास सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज के साथ-साथ दो से तीन निजी कॉलेज भी संचालित हैं। इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए 30 तक अवकाश घोषित किया गया है। लेकिन बाकी कक्षाओं की सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही है। जो दो पालियों में ली जा रही है। 

कथा के सार्वजनिक प्रसारण के लिए बड़े-बड़े साउंड बाक्स और लाउडस्पीकर लगाए गए हैं। जिनसे निकल रही आवाज परीक्षा की गंभीरता को प्रभावित कर रही हैं। हाल ही में कॉलेज के छात्र रायपुर दक्षिण के उप चुनाव की वजह से भी क्लासेस से वंचित रहे हैं। यही नहीं, विद्यार्थियों को कॉलेज तक पहुंचने में भी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इस आयोजन की भीड़ के चलते कॉलेज के बाऊंड्री को भी तोड़ा गया है। स्थानीय लोग भी भीड़ की वजह से खासे परेशान हो रहे हैं। हालांकि मेरठ की घटना को देखते हुए प्रशासन चौकस है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। 


अन्य पोस्ट