रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 दिसंबर। नागरिक समाज ने बस्तर में मुठभेड़ों पर सवाल उठाए हैं, और सरकार से नक्सल उन्मूलन के नाम पर किए जा रहे संवैधानिक अधिकारों के हनन पर रोक लगाने की मांग की है। यही नहीं, निर्दोष आदिवासियों की हत्या का आरोप लगाकर न्यायिक जांच की मांग उठाई है।
पीयूसीएल, छत्तीसगढ़ बचाओ आंदोलन, छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा समेत 7 संगठनों ने छत्तीसगढ़ नागरिक समाज के बैनर तले प्रेस कांफ्रेंस लेकर हाल ही में गृह मंत्री की बस्तर यात्रा की आड़ में हुई मुठभेड़ों पर सवाल उठाए, और सरकार से नक्सल उन्मूलन के नाम पर किए जा रहे संवैधानिक अधिकारों के हनन पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है। संगठने के उपाध्यक्ष लखन सुबोध ने संगठनों ने हाल के मुठभेड़ों पर सवाल खड़े किए हैं। यह भी कहा है कि आदिवासी जनता अपने गांवों में असुरक्षित महसूस कर रही है। बीजापुर के कोंडापल्ली, और आसपास के गांवों से खबर आ रही है कि जब से वहां एक सुरक्षा बल का कैंप खुला है गांवों पर लगातार बम फेंके जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीण अपने खेत की तरफ भी जाने से डर रहे हैं, और अपनी पकी हुई फसल को नहीं उठा पा रहे हैं। अगर इस बमबारी को तत्काल नहीं रोका गया तो अगले साल इन गांवों में भूखमरी फैल जाएगी। संगठनों का कहना है कि बस्तर में शांति बंदूक की नोंक पर नहीं हो सकती है। इसके लिए सरकार और बस्तर में सक्रिय हर विचारधारा के सामाजिक और राजनीतिक दलों के बीच निशर्त वार्तालाप जरूरी है। उन्होंने मूलवासी बचाओ मंच पर प्रतिबंध हटाने, और अन्य शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शनों को रोकने का आग्रह किया है।