रायपुर

डीआर भुगतान के लिए धारा 49 (6) की अनिवार्यता केंद्र ही खत्म करेगा-चौधरी
20-Dec-2024 9:02 PM
डीआर भुगतान के लिए धारा 49 (6) की अनिवार्यता केंद्र ही खत्म करेगा-चौधरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 20 दिसंबर। पेंशनरों को डीआर भुगतान के लिए सीजी, एमपी की आपसी सहमति की अनिवार्यता खत्म करने का मामला विधानसभा में भी उठा। विधायक इंद्रशाह मंडावी ने जानना चाहा कि 31अक्टूबर, 2024 की स्थिति में राज्य में पेंशनधारी और परिवार पेंशनधारियों   की संख्या ,धारा-49 (6)  को विलोपित करने के लिए किस प्रकार की कार्यवाही की गई/प्रस्तावित है?  इसके लिखित उत्तर में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि 31 अक्टूबर 2024 के स्थिति में राज्य में पेंशनधारी की संख्या 92,329 और परिवार पेंशनधारी की संख्या 64,135 है।चौधरी ने बताया है कि केन्द्र शासन द्वारा अधिनियमित मध्य प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम, 2000 की धारा 49 और छठी अनुसूची में पेंशन दायित्व के प्रभाजन के लिए नवीन दायित्वों के सृजन पर सहमति आवश्यक है। मध्य प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम, 2000 केन्द्रीय शासन द्वारा अधिसूचित अधिनियम है।

विस का शीतकालीन सत्र खत्म, बजट सत्र फरवरी में

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का चार दिवसीय शीतकालीन सत्र का आज दोपहर अवसान हो गया। अगला बजट सत्र फरवरी के दूसरे पखवाड़े में आहूत किए जाने के संकेत हैं। इन चार दिनों में विपक्षी कांग्रेस के विधायकों ने एक बार बहिर्गमन और एक बार निलंबित हुए।

मांझी और मझवार समाज के जाति में मात्रात्मक त्रुटि की सिफारिश जल्द केंद्र को

रायपुर, 20 दिसंबर। सीतापुर के विधायक रामकुमार टोप्पो ने मांझी और मझवार समाज के जाति में मात्रात्मक त्रुटि के मामले को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि, जाति प्रमाण पत्र नहीं बन पाने के कारण समुदाय के युवाओं का भविष्य खराब हो रहा है। उन्होने मंत्री रामविचार नेताम से पूछा कि  इसका समय निर्धारित करें की कब तक भारत सरकार को भेजा जाएगा।

दरअसल, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो के क्षेत्र और संभाग में निवासरतमांझी और मझवार समाज के जातिगत सेटलमेंट में त्रुटि है। जिसके कारण उनका जाति प्रमाण पत्र नहीं बन पाता है।

टोप्पो ने प्रश्न काल में  कहा कि, सरगुजा संभाग में मांझी और मझवार समुदाय जो निवासरत है। उनकी जातिगत सेटलमेंट में त्रुटि है। उसके निराकरण के लिए क्या भारत सरकार को प्रकरण भेजा गया है। आगे उन्होंने कहा कि, यदि प्रकरण नहीं भेजा गया है, तो इसका कारण क्या है।

 नेताम ने कहा कि, इस विषय पर जल्द ही प्रकरण तैयार कर भारत सरकार को भेज दिया जाएगा। जिसपर सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो जी ने कहा कि, 26 फरवरी 2024 को विधानसभा सत्र के दौरान मैने यही प्रश्न उठाया था। तब जवाब आया था कि, उक्त प्रकरण को भारत सरकार को भेजने के लिए प्रक्रियाधीन है। वहीं आज भी वही जवाब मिल रहा है। आगे उन्होंने कहा कि, समुदाय के युवाओं का भविष्य खराब हो रहा है।


अन्य पोस्ट