रायपुर
कांग्रेस विधायक ने स्वास्थ्य अफसरों पर कार्रवाई मांगी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 दिसंबर। कांग्रेस विधायक इंद्र साव ने विधानसभा के स्वास्थ्य विभाग के सवाल के लिखित जवाब में गलत जानकारी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस सिलसिले में स्पीकर डॉ. रमन सिंह से शिकायत कर जिम्मेदार अफसरों पर कार्रवाई का आग्रह किया है।
साव ने अपनी शिकायत में बताया कि विधानसभा के चतुर्थ सत्र में मेरे अतारांकित सवाल के जवाब में मंत्री द्वारा जानकारी प्रस्तुत की गई है। मंत्रीजी ने उल्लेख किया है कि छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2021-22, 2022-23, 2023-24 और 2024-25 में उपकरण रिएजेंट, कंज्यूमेबल, और दवाईयों की खरीद किस मांग पत्र के आधार पर और किस मद से खरीदी की गई है।
इसके जवाब में कहा गया कि इसके लिए जांच समिति गठित की गई है। जांच समिति से जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने पर जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। श्री साव ने इस जवाब पर नाराजगी जताई और कहा कि सीजीएमएससी द्वारा खरीदी की जानकारी मुझे नहीं दी गई। जो एक विधायक के रूप में मेरे अधिकार की स्पष्ट अवहेलना है, जो चिंतनीय है। प्रकरण का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों पर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।