रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 दिसंबर। बिलासपुर के छेरकाबांधा स्थित वैल्कम डिस्टलरी से आसपास के दर्जनों गांवों में हो रहे प्रदूषण की रोकथाम के लिए आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने जांच कराने की घोषणा की। चौधरी ने कहा कि शिकायतों के आधार पर सालभर में तीन बार जांच कर डिस्टलरी पर जुर्माना किया जा चुका है। एक बार तीन लाख 90 हजार और दो बार 9-9 लाख रुपये का जुर्माना किया जा चुका है। प्रश्न काल में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि हर शिकायत पर जांच और केवल फाइन लगाने से प्रदूषण नियंत्रित नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि डिस्टलरी का पूरा क्षेत्र पेसा कानून के दायरे में आता है। 30-40 किमी का दायरा प्रभावित हो रहा है । डिस्टलरी वाले अपशिष्ठ खेतों में फेंक देते हैं इससे किसानों को नुसकान हो रहा है। गंध की वजह से बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। प्रदूषण रोकने के उपाय करने के बजाए सरकार मे डिस्टलरी के विस्तार की अनुमति दे दी है। ऐसे में प्रदूषण कैसे रूकेगा।
इस पर मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि समय समय पर निरीक्षण किया जाता है। इस दौरान मानको का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार जुर्माना की कार्रवाई की जाती है। इस पर असंतोष जाहिर करते हुए श्रीवास्तव ने विधायकों की कमेटी से जांच कराने की मांग की। वहीं, उमेश पटेल ने निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय विधायक अटल श्रीवास्तव को भी लेकर जाने की मांग की। मंत्री चौधरी ने अटल से लिखित देने पर जांच कराने की घोषणा की ।
चौधरी ने लिखित में बताया कि भारत सरकार, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा मेसर्सवेलकम डिस्टलरीज़ प्राईवेट लिमिटेड, ग्राम-छेरकाबांधा, तहसील-कोटा, जिला-बिलासपुर को क्षमता विस्तार के तहत् डिस्टलरी यूनिट 10 किलोलीटर प्रतिदिन से 60 किलोलीटर प्रतिदिन के लिए 10/03/2004 को पर्यावरणीय स्वीकृतिजारी की गई थी। इस पर्यावरणीय स्वीकृति में चिमनी से उत्सर्जन एवं उपचारित दूषित की गुणवत्ता निर्धारित मानक के अनुरूप रखने, स्पेंटवाश का बायो मिथेनेशन डाईजेस्टर, एक्टिवेड स्लज प्रोसेस एवं कम्पोटिंग के माध्यम से उपचारित कर उपयोग किये जाने, जल एवं मृदा गुणवत्ता का परिमापन आदि शर्ते शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने उद्योग को वर्तमान उत्पादन क्षमता रेक्टीफाईड स्प्रीट 30 किलोलीटर प्रतिदिन के लिए जल (प्रदूषणनिवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम, 1974 की धारा 25 और वायु (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम, 1981 की धारा 21 के तहत् संचालन सम्मति 04/01/2012 को जारी की गई है।