रायपुर

एनएचएम के 16 हजार कर्मचारी अटल की प्रतिमा को सौंपेंगे ज्ञापन
19-Dec-2024 6:42 PM
एनएचएम के 16 हजार कर्मचारी अटल की प्रतिमा को सौंपेंगे ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 19 दिसंबर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्षरत हैं। लेकिन अब तक उन्हें किसी भी प्रकार का लाभ नहीं मिला है, जिससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। लगातार झूठे वादों से त्रस्त इन  कर्मचारियों ने अपने व्यथा बताने गुरूवार को  33 जिला मुख्यालयों में प्रेस कांफ्रेंस की।

प्रदेश अध्यक्ष अजय मिरी के अनुसार देश में 12 अप्रैल 2005 को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का आरंभ किया गया था। पिछले 20 वर्षों में छत्तीसगढ़ प्रदेश में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कई प्रकार के नए राष्ट्रीय कार्यक्रम जोड़े गए, नए स्वास्थ्य संस्थाओं का निर्माण हुआ, नए अस्पताल खुले जिनके लिए लगातार संविदा भर्ती की गई । संविदा में होने के कारण कर्मचारियों के वेतन, समकक्ष नियमित कर्मचारियों की तुलना में आधे से भी कम होते हैं इसके साथ ही साथ काम की अन्य कई सुविधाएं जैसे बीमा, पेंशन, मेडिकल अवकाश, अनुकंपा नियुक्ति, ट्रांसफर की नीति आदि महत्वपूर्ण सुविधाओं से भी छत्तीसगढ़ प्रदेश के एनएचएम कर्मचारी आज पर्यंत तक वंचित हैं । भाजपा सरकार के पिछले एक वर्ष के दौरान एन एच एम के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, वित्त मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री सांसदों तथा विधायकों को मिलकर अब तक 50 से अधिक बार ज्ञापन दिया जा चुका है ।

लेकिन किसी प्रकार का कोई सकारात्मक बदलाव वर्तमान की सरकार द्वारा नहीं किया गया है । जुलाई 2023 से विभागों जैसे मनरेगा, आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन आदि में तत्काल 27 प्रतिशत वेतन वृद्धि दे दिया गया परंतु राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में इस संबंध में आज पर्यंत तक कोई प्रयास नहीं हुआ है। एक दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति तब निर्मित हो जाती है जब 27 फीसदी में वित्त विभाग ने 22 फीसदी की कटौती करके 5 फीसदी वेतन वृद्धि देने का निर्देश दिया, परन्तु उसे भी आज तक नहीं दिया गया।  

 छत्तीसगढ़ के एन एच एम कर्मचारियों की हमेशा से मांग रही है कि,उनका संविलियन किया जाए। देश मे मणिपुर,महाराष्ट्र, राजस्थान ऐसे ही राज्य हैं। कुछ राज्य ऐसे हैं जहां नियमितकरण जैसी सुविधाएं प्रदान की गईं जैसे-समान काम समान वेतन, 62 वर्ष जॉब सुरक्षा, अनुकंपा नियुक्ति, सी आर प्रथा में सुधार, मेडिकल अवकाश एनपीएस आदि। पर दु:खद स्थिति है कि 20 वर्षों के बाद भी छग में हालात जस के तस हैं। किसी प्रकार की कोई राहत नहीं दी गई। आगामी 25 दिसंबर अटल बिहारी बाजपेयी  की जयंती के अवसर पर पूरे प्रदेश में स्थापित अटल जी की प्रतिमा, चौक आदि स्थानों पर पुष्प चढ़ाकर अपना ज्ञापन प्रस्तुत कर निवेदन करेंगे कि हमारी मांगों को सुशासन सरकार तक पहुंचाने में मदद करे।


अन्य पोस्ट