रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 दिसंबर। राजधानी में अपराधियों पर शिकंजा कसने और दुर्घटना कर फरार होने वाले वाहन चालकों को पकडऩे सीसीटीवी कैमरे से मदद ली जाएगी। जिले के औद्योगिक क्षेत्र के मुख्य मार्गों और स्लम बस्तियों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। जिसकी मॉनीटरिंग कंट्रोल रूम में 24 घंटे की जाएगी।
आज कलेक्टोरेट में आईजी अमरेश मिश्रा ने औद्योगिक कंपनियों के प्रतिनिधियों की बैठक ली। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, एसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह, निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ विश्वदीप, सहायक कलेक्टर सुश्री अनुपमा आनंद समेत एडीएम, एएसपी, एसडीएम समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
आईजी मिश्रा ने कहा कि राजधानी के आसपास के क्षेत्रों जैसे औद्योगिक क्षेत्र एवं स्लम बस्तियों में प्रत्येक एंगल में सीसीटीवी कैमरे के लिए स्थान चिंहाकित किया जाएं और सर्वे के बाद उन स्थानों में कैमरे लगाए जाएं। श्री मिश्रा ने कहा कि हर क्षेत्र सीसीटीवी कैमरे से लैस हो, ताकि अपराध होने पर तत्काल कार्रवाई में मदद मिल सके। साथ ही दुर्घटना होने पर वाहन की पहचान हो सके। सीसीटीवी कैमरे सभी स्थानों पर होने से अपराध होने पर तत्काल पुलिस को कार्रवाई में मदद भी मिलेगी।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि स्लम बस्तियों एवं औद्योगिक क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे जल्द से जल्द लगाने की तैयारी की जाए। साथ ही सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से मॉनीटरिंग के लिए छोटे-छोटे कंट्रोल रूम बनाए जाएं। औद्योगिक क्षेत्रों में कई बार दुर्घटना होने के बाद संबंधित वाहनों को ढूंढना बड़ी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में उन वाहनों को पकडऩे में आसानी भी होगी। डॉ. सिंह ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों से लेकर शहर पहुंचने वाले वाहन कैमरे की जद में रहें। ऐसा रूट मैप तैयार कर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
एसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने कहा कि शहर को सुरक्षित करने के लिए और अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरे की आवश्यकता है।