रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 दिसंबर। प्रदेश के राइस मिलर्स की हड़ताल पूरी तरह खत्म हो गई है। मिलर्स के एक अन्य धड़े ने भी मंगलवार को हड़ताल खत्म करने का ऐलान कर दिया है।
राइस मिलों पर छापे के बाद बड़ी संख्या में राइस मिलर्स ने हड़ताल खत्म करने का ऐलान किया था। एक प्रतिनिधि मंडल ने सोमवार को सीएम विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम अरूण साव, और अन्य मंत्रियों से मिलकर हड़ताल खत्म करने का आश्वासन दिया था, और इसके बाद आज से मिलिंग के लिए धान का उठाव भी शुरू कर दिया था। मगर एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश अग्रवाल ने हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया था। लेकिन आज सुबह उन्होंने भी वीडियो जारी कर हड़ताल खत्म करने का ऐलान किया।
योगेश अग्रवाल ने कहा कि मिलर्स ने सरकार के साथ बकाया भुगतान सहिंत अन्य विषयों का समाधान ना हो पाने पर कार्य ना करने असमर्थता का पत्र प्रदेश एसोसिएशन को लिखित में दिया था। प्रदेश एसोसिएशन ने सीएमआर कार्य करने का निर्णय मिलर्स पर छोड़ा था।
उन्होंने आगे कहा कि हमने मिलर्स के 2022-23 के प्रोत्साहन राशि भुगतान की प्रमुख मांग सरकार के समक्ष रखी जिसमें कुछ तकनीकी दिक्कत के कारण राज्य सरकार ने 2023-24 के प्रथम किस्त के भुगतान करने का निर्णय लिया।
अग्रवाल ने कहा कि 2023-24 का भुगतान जल्द होने में शंका थी क्योंकि हमारा कस्टम मिलिंग कार्य अपूर्ण था जिसकी जानकारी हमने राज्य सरकार के समक्ष भी रखी। अब सरकार शीघ्र भुगतान का रास्ता बना चुकी है साथ ही 2022-23 के भुगतान पर भी भरोसा दे रही है। हमें भी सरकार पर भरोसा है ।
प्रदेश एसोसिएशन सभी मिलर्स से आग्रह किया कि जल्द ही कार्य आरंभ करें और सीएमआर कार्य में सहयोग करें। मिलर्स को सरकार पर भरोसा रख सीएमआर कार्य आरम्भ करना चाहिए ।