रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 दिसंबर। कमल (कौशल्या) विहार के रहवासी गंदगी,घुप अंधेरे के आदी होने के बाद इन दिनों धुएं से परेशान हैं। निगम का अमला न केवल कमल विहार में पूरे इलाके का कचरा फेंक रहा है बल्कि इसे जलाने का गारबेज बर्निंग सेंटर की तरह इस्तेमाल कर रहा है। रात के अंधेरे में निगम कर्मी चोरी छिपे कचरे में आग लगा जाते हैं और निकलने वाले धुएं से रहवासी रात भर सांस की तकलीफ से परेशानी झेलने मजबूर हैं।
रहवासियों के मुताबिक सेक्टर 04 में परमजीवनम् योग केंद्र के पास नगर निगम की कचरा गाडिय़ों द्वारा पूरे कमल विहार का कचरा जिसमे मेडिकल कचरा भी शामिल है, डंप किया जाता है। निगम द्वारा रहवासी क्षेत्र के पास खाली भूमि का इस्तेमाल गत कुछ महीनों से कचरा संग्रहण केंद्र के रूप में किया जा रहा है। जिससे रहवासियों को स्वास्थ्य संबंधित एवं सांस संबंधित बीमारियां हो रही हैं। इस कचरे को दोबारा उठाने के स्थान पर रोज शाम को नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा वहीं पर जला दिया जाता है। जिससे यहां रहना मुश्किल हो रहा है। यहां रहने वाले सांस के बीमारी के मरीजों, बुजुर्गों एवं बच्चों का स्वास्थ्य खराब हो रहा है। इस संबंध में पूर्व में भी जोन के अधिकारियों को सूचित किया जा चुका है किंतु कोई कार्रवाहीं नहीं की गई हैं।
नगर निगम रायपुर द्वारा किया जा रहा यह कार्य, पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 एवं सॉलिड वेस्ट मेनेजमेंट अधिनियम 2016 के प्रावधानों के विरूद्ध है। यहां के डॉ. केवी परिहार, अमर दीप सिंह, अंकित अग्रवाल, रोहित शर्मा, अजय तिवारी, एके कोसले ने सचिव नगरीय विकास, कलेक्टर, निगम आयुक्त, सीईओ आरडीए से सेक्टर 4 के इस कचरा संग्रहण केंद्र को तत्काल बंद कराएं ताकि यहां के रहवासी खुली हवा में सांस ले सकें और यहां का वातावरण भी प्रदूषित ना हो।