रायपुर

मंत्रालय संघ को समन्वय से तबादलों में झोल नजर आ रहा, सीएस को लिखा पत्र
17-Dec-2024 4:24 PM
मंत्रालय संघ को समन्वय से तबादलों में  झोल नजर आ रहा, सीएस को लिखा पत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 दिसंबर। 
मंत्रालय कर्मचारी संघ ने मुख्य सचिव को एक पत्र सौंपकर अनियमित स्थानांतरण पर रोक लगाने सुस्पष्ट पारदर्शी तबादला नीति जारी करने का आग्रह किया है। संघ ने  वर्ष 2019 और 2022 में जारी स्थानांतरण नीतियों को सुशासन की अवधारणा के प्रतिकूल बताया है। अध्यक्ष महेंद्र राजपूत ने कहा है कि कुछ विभाग अधिकारियों के समन्वय के माध्यम से मनचाहे तबादले कर रहे हैं ।  

 जिसे प्रशासकीय स्थानांतरण माने जाने से शासन को आर्थिक क्षति भी हो रही है। साथ ही  मुख्यमंत्री के कार्यालय पर भी नस्तियों का अनावश्यक बोझ बढ़ता है।
अतएव छत्तीसगढ़ मंत्रालयीन कर्मचारी संघ प्रदेश के समस्त कर्मचारी/अधिकारियों की भावनाओं के साथ ही सरकार की सुशासन की अवधारणा को दृष्टिगत रखते हुए शासन से मांग करता है कि कर्मचारी/ अधिकारियों के स्थानांतरण हेतु तत्काल सुगम, सुस्पष्ट एवं पारदर्शी स्थानांतरण नीति जारी करवाते हुए, प्रतिवर्ष निर्धारित अवधि में जारी किये जाने के लिए निर्देश प्रसारित करने का कष्ट करेंगे।

राजपूत ने कहा है कि  प्रदेश के हजारों कर्मचारी/अधिकारी विगत कई वर्षों से नियमित रूप से स्थानांतरण प्रक्रिया जारी किये जाने की राह देख रहे हैं। इसके अभाव में शासकीय सेवक जो अपने परिवार से दूर हैं अथवा किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित होकर इलाज के लिए निकटस्थ स्थानों पर स्थानांतरण चाहते हैं, उन्हें शासन की स्पष्ट नीति जारी नहीं होने से लाभ प्राप्त नही हो रहा है।विगत कई वर्षों में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा स्थानांतरण नीति वर्ष 2019 एवं इसके पश्चात् 2022 में जारी किया गया था। चूंकि नीति केवल जारी वर्ष के लिए प्रभावशील होती है, शेष अवधि में अत्यावश्यक स्थिति में समन्वय में  मुख्यमंत्री के अनुमोदन उपरांत ही स्थानांतरण किये जा सकते हैं। समन्वय में आवेदन इत्यादि की कोई स्पष्ट प्रक्रिया नहीं होने से सामान्य कर्मचारी अति आवश्यक परिस्थिति में भी इसका लाभ प्राप्त नहीं कर पाता है।


अन्य पोस्ट