रायपुर

राजधानी में ठिठुरन, कई जिलों में यलो अलर्ट
16-Dec-2024 4:49 PM
राजधानी में ठिठुरन, कई जिलों में यलो अलर्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 दिसंबर।
प्रदेश में उत्तरी हवाओं के आगमन से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मैदानी इलाकों में शीतलहर के हालात हैं। मौसम विभाग ने दुर्ग समेत 12 जिलों अगले 3 दिनों के लिए कोल्ड वेव (शीतलहर) को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं राजधानी में पिछले दो-तीन दिनों से लगातार ठंड पड़ रही है। 

रात का तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है। शहर में कई जगहों पर लोग ठंड से बचने अलाव का सहारा ले रहे हैं। रायपुर में रात का तापमान 13.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दिन में भी हल्की ठंड महसूस हो रही है। वहीं प्रदेश में सबसे ठंडा बलरामपुर है। यहां न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। आज गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरबा, मुंगेली, दुर्ग, खैरागढ़-छुइखदान-गंडई, कबीधाम, जशपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, सरगुजा और बलरामपुर में शीत लहर चलने की संभावना है। वहीं बस्तर के कुछ जिलों में हल्की बारिश की भी संभावना है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2 से 5 डिग्री तक गिर चुका है। जिससे ठंड में इजाफा हुआ है। कई जिलों में शीत लहर की स्थिति बनी हुई है और इसके लिए अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने कोरबा, मुंगेली, दुर्ग, महासमुंद, कबीरधाम, जशपुर, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा और बलरामपुर जिलों में शीत लहर चलने की संभावना जताई है. इनमें से बलरामपुर जिले में सबसे अधिक ठंड महसूस की जा रही है, जहां न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री तक गिर चुका है।

मौसम विभाग के अनुसार, 17 दिसंबर से प्रदेश में फिर से बादल छाने की संभावना है। इसके साथ ही 18 दिसंबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है. प्रदेशवासियों को सर्दी से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। 

मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों के लिए प्रदेश के जिलों में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है। 17 दिसंबर को प्रदेश के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर में शीतलहर चलने की संभावना है। बलरामपुर में पारा 3 डिग्री से नीचे रहने की संभावना है।
 


अन्य पोस्ट