रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 14 दिसंबर। भतीजे की तलाश में चाचा का अपहरण कर जंगल में मारपीट करने वाला एक और आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है। वह एक साल से फरारी काट रहा था। इस मामले में चार आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। यह अपहरण युवती से छेड़छाड़ को लेकर किया गया था।
ग्राम धमनी निवासी कृष्णा यादव ने पिछले वर्ष थाना मंदिर हसौद में रिपोर्ट दर्ज कराया था। रोजी मजदूरी करने वाला कृष्णा 31 अगस्त की रात में खाना खाने के बाद सो गया था। रात 12.30 बजे करीब बाथरूम जाने घर के बाहर निकला तो देखा कि घर के पास एक कार और 05 व्यक्ति खड़े थे। उसमें से एक व्यक्ति कृष्णा से पूछा शराब कहां मिलेगी। उसने गांव मे शराब नहीं मिलने की बात कह घर के अन्दर जाने लगा। तभी अन्य 4 व्यक्ति उसे पकड़ खींचते हुए कार में बैठा लिएऔर बोले कि तुम्हारा भतीजा सागर कहां है। उसे बुलाकर लाओ तभी तुम्हे छोड़ेंगे।
कृष्णा ने सागर की जानकारी होने से इंकार किया । तब वे लोग उसके साथ मारपीट करते हुए उसे ग्राम खंडवा धमतरी के जंगल में ले गये। और वहां ले जाकर उसे कार से बाहर निकाल पुन: मारपीट की। एक ने अपने पास रखी चाकू से कृष्णा के शरीर पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर फरार हो गया । इसके बाद कृष्णा जैसे कैसे धीरे-धीरे ग्राम खंडवा पहुंच अस्पताल में अपना ईलाज करवाया। मंदिर हसौद पुलिस धारा 365 भादवि. का अपराध दर्ज कर पड़ताल जारी रखे हुए थी। और पांच में से दो वली खान28 निवासी ग्राम झांकी अभनपुर तथा सत्य प्रकाश डहरिया उर्फ कुडू 25 निवासी ग्राम भटगांव मुजगहन को गिरफ्तार कर चुकी थी। इनसे पूछताछ और मुखबीर की मदद से कल तीसरे आरोपी अभनपुर निवासी प्रमोद कुमार निषाद को पकड़ लिया।