रायपुर

जैन मुनि अरविंद ने सिखाये जीवन में तनाव प्रबंधन के तरीके
13-Dec-2024 5:15 PM
जैन मुनि अरविंद ने सिखाये जीवन में तनाव प्रबंधन के तरीके

रायपुर, 13 दिसंबर। नेहरू मेडिकल कॉलेज  में जैन गुरु आचार्य अरविंद मुनि की उपस्थित में तनाव प्रबंधन पर कार्यशाला का आयोजन किया गया।  इस कार्यक्रम में  स्वास्थ्य मंत्री  श्याम बिहारी जायसवाल, अधिष्ठाता डॉ. विवेक चौधरी, अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर एवं मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष और कार्यक्रम संचालक डॉ. अरविंद नेरल भी मौजूद रहे।

आचार्य श्री अरविंद मुनि ने चिकित्सा छात्रों एवं चिकित्सकों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान ने मनुष्य को इतना सुंदर बनाया है लेकिन तनाव की वजह से वह अपना चेहरा बिगाड़ लेता है। 

तनाव यानी टेंशन का मूल कारण समझ में नहीं आ रहा है जबकि इसका मूल कारण मन की चंचलता है। मानव मस्तिष्क में मिनट दर मिनट विविध प्रकार के विचार उत्पन्न होते हैं। चौबीस घंटे में से यदि आधा घंटा भी ध्यान करते हैं तो दिन के साढ़े तेईस घंटे  निगेटिविटी यानी नकारात्मकता में जा रहे हैं। ईश्वर की आराधना, भक्ति भावना, पूजा-पाठ और नाम सुमिरन के जरिये जीवन में सकारात्मकता आती है। नकारात्मकता को खत्म करने का सबसे अच्छा उपाय है- ध्यान। अभी करो, अभी पाओ, अभी सीख जाओगे... के ध्येय वाक्य के साथ मैं आपको जीवन में तनाव कम करने के लिए ध्यान सिखाने आया हूं। ध्यान सबसे बड़ी कला, सबसे बड़ा जादू है जिसे ध्यान करना आ गया उस व्यक्ति में असंभव कार्य को संभव करने की क्षमता आ जाती है। सकारात्मक ऊर्जा को प्राप्त करने का प्रमुख साधन ध्यान है। चाहे कोई भी बीमारी हो, कितना भी कष्ट हो ध्यान से उसे सहने की शक्ति आ जाती है। जिसे ध्यान करना आ गया, उसे सहना आ गया और जिसे सहना आ गया उसे जीना आ गया। उन्होंने ध्यान के चार चरण बताये। पहला महाप्राण ध्वनि जिसमें नाक से सांस लेकर भौरे की तरह गुंजन करना। दूसरा अनुलोम विलोम की तरह सांस लेते और छोड़ते समय सांसों की गिनती करना। ध्यान के तीसरे चरण में एक हाथ की मुठ्ठी बंद करके दूसरे हाथ की इंडेक्स फिंगर (तर्जनी अंगुली) को मस्तिष्क के बीचों-बीच रखकर चंद्रमा के प्रकाश का ध्यान करना और ध्यान के अंतिम और चौथे चरण में ‘‘? शांति’’ का उच्चारण करना बताया। रोजाना दिन में दो बार ध्यान का अभ्यास करने का संकल्प भी दिलाया।
 
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने यह कार्यक्रम मैंने इसलिए कराया कि जीवन में तनाव नहीं लेना चाहिए। अपने छात्र जीवन के अनुभवों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मैंने फिजिकल केमेस्ट्री से एम. एस. सी. किया है। उन दिनों में गांव में लाइट की व्यवस्था नहीं रहती थी। इसके बावजूद मैंने पढ़ाई के दौरान कभी तनाव नहीं लिया। दबाव या तनाव में पढ़ाई नहीं करनी चाहिए। 

इस दौरान उपस्थित प्रोफेसर  एवं चिकित्सा छात्रों ने कुछ योगासन भी किए।


अन्य पोस्ट