रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 दिसंबर। ईडी ने महादेव घोटाले मामले में गुरुवार को 10 आरोपियों की न्यायिक रिमांड खत्म होने के बाद कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने सुनवाई के बाद सभी 10 आरोपियों को 1 फरवरी, 2025 तक के लिए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। महादेव घोटाले मामले में गिरफ्तार आरोपी गिरीश तलरेजा, नितिन टिंबरेवाल, सतीश चंद्राकर, एएसआई चंद्रभूषण वर्मा, हवलदार भीम सिंह यादव, सूरज चौखानी, नीतीश दीवान, असीम दास, अमित अग्रवाल, सुनील दमानी को ईडी की विशेष कोर्ट में पेश किया गया। इस मामले में शेयर ब्रोकर गोविंद केडिया की न्यायिक हिरासत 20 दिसंबर तक बढ़ा दी गई है। कल गोविंद को कोर्ट में पेश किया गया था। इससे पहले ईडी ने गोविंद की 160 करोड़ की संपत्ति अटैच कर दी थी। गोविंद पर आरोप है कि वह महादेव सट्टे के प्रमोटर और अन्य हितग्राहियों की कमाई शेयर में, स्टॉक पोर्ट फोलियो फर्म के माध्यम से निवेश करता था।
तीन डिस्टलरीज को भी आरोपी बनाने की याचिका, 20 को सुनवाई
तीन हजार करोड़ के शराब घोटाला मामले में ईडी ने एक और याचिका पेश की है। इसमें ईडी ने विशेष कोर्ट में 3 शराब डिस्टलरी को आरोपी बनाने का आग्रह किया है। कोर्ट ने आवेदन याचिका को स्वीकार कर लिया है।ईडी ने मामले को लेकर कोर्ट में जवाब पेश किया है, जिसके बाद अब 20 दिसंबर को ईडी की विशेष कोर्ट में याचिका पर सुनवाई होगी। ईडी ने याचिका में वेलकम, भाटिया और केडिया शराब डिस्टलरी को आरोपी बनाने की बात कही है।