रायपुर

जोन कार्यालयों में कांग्रेस का घेराव प्रदर्शन
10-Dec-2024 6:59 PM
जोन कार्यालयों में कांग्रेस का घेराव प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 10 दिसंबर। शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने  पांच वर्ष तक अपने ही सत्ता वाले नगर निगम और महापौर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने मंगलवार को सभी 10 जोन कार्यालयों का घेराव किया । इसके लिए बकायदा प्रभारी भी नियुक्त किए । इस प्रदर्शन की अगुवाई सभापति और कई जगह एमआईसी सदस्यों ने किया। यह प्रदर्शन  टैक्स के नाम पर आम जनता से जबरन वसूली, मच्छरों के प्रकोप आवारा कुत्तों का आतंक, मवेशियों के कारण हो रही दुर्घटनाएं जैसी समस्याओं को लेकर किया गया ।  सुबह 11:00 बजे कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता गण एवं कार्यकर्ता अपने-अपने जोन में पहुंचकर घेराव करेंगे।  जोन क्रमांक 1 में अन्नू राम साहू दाऊ लाल साहू जोन 2 में बंटी होरा अरुण जंघेल संजय सोनी जोन 3 में कामरान अंसारी दीपा बग्गा जोन 4 में प्रमोद दुबे नवीन चंद्राकर जोन 5 में ज्ञानेश शर्मा प्रशांत ठेंगड़ी बंशी कन्नौजे जोन 6 में देवेंद्र यादव सुमित दास सचिन शर्मा जोन 7 में मनीराम साहू देव कुमार साहू जोन 8 में घनश्याम छत्रिय अशोक ठाकुर जोन 9 में प्रमोद मिश्रा माधव साहू जून 10 में आकाशदीप शर्मा सहदेव व्यवहार ने नेतृत्व किया।

 ज्ञापन में मांग

ज्ञापन में मांग की गई कि आवास सर्वे में धरसा, अस्थाई पट्टा, नहरपार, तालाबपार के निवासियों को लाभ मिलेगा की नहीं, बड़े कॉम्पलेक्स, बड़े मकान के टैक्स छोडक़र गरीब और मध्यम वर्ग पर गलत टैक्स लगाने और दबाव बनाने जैसी समस्या, गौठान एवं गोबर खरीदी बंद करने से गाय मरने की रिपोर्ट, भाजपा के नेताओं द्वारा अवैध निर्माण, अवैध प्लाटिंग को बचाने की बात, पार्षदनिधि की समस्त वार्डों में पिछले साल से भाजपा सरकार बनने के बाद भी अभी तक राशि ना दे पाने का विरोध, भूमिपूजन की ड्रामेबाजी करने बाद अभी तक अधिकांश काम सभी वार्डों में प्रारंभ नहीं करने और भाजपा नेताओं के ठेकों में बंदरबांट होने का विरोध, विधायकों एवं सांसद द्वारा नगर निगम के रोजाना कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप करने का विरोध, भाजपा सरकार में बढ़ते अवैध निर्माण पर नियंत्रण ना कर पाना शामिल हैं।

भाजपा पार्षदों का भी प्रदर्शन

दूसरी ओर, लाखे नगर और करीब 4 वार्डों के पार्षदों ने नागरिकों के साथ मिलकर सारथी चौक पर प्रदर्शन किया। इस पूरे इलाके में पिछले कई महीनों से जलापूर्ति लगभग ठप सी है। नलों में पानी की धारा बहुत ही महीन होती है। नेता प्रतिपक्ष मिनल चौबे, सरिता दुबे, और अन्य पार्षदों ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया। इनका आरोप है कि कांग्रेस के पार्षद अपने वार्डों के लिए पानी चोरी करवा रहे हैं।


अन्य पोस्ट