रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 दिसंबर। साय सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर आयेजित जनादेश पर्व में शामिल होने आ रहे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्ढा से पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कुछ प्रश्नों के जवाब मांगे हैं। बैज ने कहा कि नड्ढा जी आ रहे हैं तो धान की कीमत को लेकर भी स्थिति स्पष्ट करें। किसानों को ,3100 रूपए क्यों नहीं मिल रहे? बैज ने पूछा कि सरकार ने युवाओं के लिए क्या किया है? क्या शराब की घर घर डिलीवरी भी मोदी की गारंटी है? प्रदेश के युवा नशे की गिरफ्त में है। बैज ने यह भी पूछा कि सभा में नड्ढा जी सरकार की विफलताओं की रिपोर्ट भी साझा करेंगे।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार जहां भी सत्ता में हैं, वहां सुशासन और जनता की सेवा मूल मंत्र है। प्रदेश में सरकार ने पिछले एक साल में जो कार्य किए, वह जनता के विश्वास से ही संभव हो पाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पार्टी जनता की भलाई के लिए निरंतर काम कर रही है।
उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में अब किसानों को धान खरीदी का एक ही किस्त में भुगतान मिल रहा है, जबकि पहले किस्तों में होता था।
चौधरी ने कहा प्रदेश के युवाओं को न्याय मिल रहा है। यह उनकी उम्मीदों को और भी मजबूत करेगी।कांग्रेस सिर्फ तुष्टिकरण की राजनीति करती है। देश की जागरूक जनता इसकी नकारात्मक राजनीति को भली-भांति समझ चुकी है, यही कारण है कि कांग्रेस हर जगह टूट के कगार पर है।
भाजपा मीडिया सह प्रभारी दाऊ अनुराग अग्रवाल ने कहा कि अपने समय में खेल अलंकरण न देने वाले कांग्रेस के अध्यक्ष दीपक बैज खिलाडिय़ों के बारे में ना ही बोले तो अच्छा है। भ्रष्टाचार में अगर कोई खेल होता तो कांग्रेस गोल्ड सिल्वर और ब्रांनज तीनों ले आती ।