रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 दिसंबर। अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के अध्यक्ष व नेत्र विशेषज्ञ डॉ. दिनेश मिश्र ने कसडोल के नजदीक ग्राम पसीदी , छरछेद में ग्रामीणों और छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कुछ लोग अंधविश्वास के कारण हमेंशा शुभ-अशुभ के फेर में पड़े रहते है। यह सब हमारे मन का भ्रम है। शुभ-अशुभ सब हमारे मन के अंदर ही है। अंधविश्वास आज भी वजूद में है। जिससे प्रतिवर्ष अनेक मासूम जिन्दगियां तबाह हो रही है। अंधविश्वास को कुरीतियों के विरूद्ध समाज के साथ विद्यार्थियों को भी एकजुट होकर आगे आना चाहिए।
महाराष्ट्र छत्तीसगढ़,मध्यप्रदेश ओडीसा, झारखण्ड, बिहार, आसाम सहित अनेक प्रदेशों में प्रतिवर्ष टोनही/डायन के संदेह में निर्दोष महिलाओं की हत्याएँ हो रही है जो सभ्य समाज के लिये शर्मनाक है। नेशनल क्राईम रिकॉर्ड ब्यूरो ने सन् 2001 से 2015 तक 2604 महिलाओं की मृत्यु डायन प्रताडऩा के कारण होना माना है। कार्यक्रम को डॉ शैलेश जाधव, डॉ . एच के एस गजेंद्र, आलोक मिश्र ने संबोधित किया। ग्रामीणों छात्रों के समक्ष वैज्ञानिक अभिक्रियाओं पर आधारित ट्रिक्स का प्रदर्शन उनके प्रश्नों जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य परमेश्वर जायसवाल, आभार प्रदर्शन श्री सोनवानी ने किया. ग्राम पसीदी और छरछेद में अन्धविश्वास एवं टोनही प्रताडऩा के खिलाफ पांप्लेट किताबें प्रदान की गईं।