रायपुर
संजय नगर, मठपुरैना में नई सीसी रोड, नाली बनेगी के
रायपुर, 8 दिसम्बर। राजधानी शहर के नरेय्या तालाब में बच्चों के स्वस्थ मनोरंजन के लिए शीघ्र ट्राय ट्रेन चलाई जाएगी। नवीन विद्युतीकरण कार्य होगा, बच्चों के लिए खेलकूद के नवीन उपकरण लगाए जायेंगे। वहीं नरेय्या तालाब के चारों ओर पारिजात के वृक्षारोपण के साथ सुगंध बिखरेगी। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने विधायक सुनील सोनी आमजनों की उपस्थिति में नरेय्या तालाब में 1 करोड़ रूपये की लागत के कार्यों का भूमिपूजन किया। तालाब के गार्डन में ओपन जिम का लोकार्पण किया। नरेय्या तालाब में रोपित तिकोमा के फूलदार पौधों एवं लगभग 10 फुट ऊँचे पारिजात के फूलदार पौधों को सुव्यवस्थित स्वरूप दिया जा रहा है । अग्रवाल ने आमजनों को बताया कि मठपुरैना तालाब में सवा करोड़ रूपये एवं गोकुल नगर मुक्तिधाम में सवा करोड़ रूपये के सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव को राज्य शासन ने स्वीकृत कर दिया है। यह नए विकास कार्य भी निविदा प्रक्रिया के पश्चात प्रारम्भ किये जायेंगे। आज मठपुरैना में 38 लाख रूपये के नई सीसी रोड एवं नाली निर्माण के कार्यों सहित संजय नगर में 58 लाख रूपये के नई सीसी रोड एवं नाली निर्माण के कार्यों को भूमिपूजन कर प्रारम्भ करवाया गया है।