रायपुर

अंबेडकर की मीरजाफर, जयचंदों से चेतावनी आज सच होती दिख रही-सिन्हा
08-Dec-2024 6:35 PM
अंबेडकर की मीरजाफर, जयचंदों से चेतावनी आज सच होती दिख रही-सिन्हा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 8 दिसंबर। संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान सभा में चेताया था कि इस देश को गरीबी या बाहरी ताकतों से नहीं, बल्कि देश के जयचंदों और मीरजाफरों से सबसे बड़ा खतरा है। उनकी यह बात आज सच होती दिख रही है। यह बात   विचारक और सांसद  राकेश सिन्हा ने मेरा संविधान - मेरा अभिमान कार्यक्रम के समापन समारोह में व्यक्त किए। 

कार्यक्रम शनिवार को  शासकीय विज्ञान महाविद्यालय, रायपुर में आयोजित था।  श्री  सिन्हा ने कहा कि, अमेरिकी उद्योगपति जॉर्ज सोरोस जैसे लोग देश के संविधान पर अप्रत्यक्ष रूप से हमला कर रहे हैं और उनके एजेंट देश के भीतर संविधान पर खतरा बताकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। संविधान केवल एक लिखित दस्तावेज नहीं है, बल्कि इसे संचालित करने वाले लोगों के चरित्र और नैतिकता पर आधारित होता है।

सांसद  बृजमोहन अग्रवाल ने युवाओं को संविधान की मूल भावना को समझने पर बल दिया। उन्होंने कहा, भारत का संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की आत्मा है। हमें न केवल अपने मौलिक अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए, बल्कि अपने कर्तव्यों को भी समझना चाहिए। इस मौके पर रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सभी केंद्रीय शैक्षणिक संस्थानों  में मेरा संविधान - मेरा अभिमान विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।


अन्य पोस्ट