रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 दिसंबर। कांग्रेस शासन काल में कोरबा जिले में हुए डीएमएफ घोटाले मामले में ईडी ने एक कारोबारी को रिमांड पर लिया है। ईडी ने पूर्व कलेक्टर रानू साहू और माया वारियर के करीबी डीएमएफ वेंडर मनोज कुमार द्विवेदी को गुरूवार को गिरफ्तार किया था।। मनोज द्विवेदी, ठेका दिलाने के नाम पर दूसरे ठेकेदारों से करीब 11 से 12 करोड़ रुपए रानू साहू और माया वारियर को दिए हैं। इतना ही नहीं खुद 7 से 8 करोड़ रुपए कमाने का भी आरोप है। बता दें कि, मनोज कुमार द्विवेदी उदगम सेवा समिति नाम से एनजीओ संचालक है। इस घोटाले में पहले ही माया वारियर को ईडी गिरफ्तार कर चुकी है तो वहीं तीन बार पूछताछ के बाद मनोज को अब गिरफ्तार किया है। मनोज कुमार द्विवेदी को ईडी ने की स्पेशल कोर्ट में पेशकर 4 दिन की रिमांड पर पूछताछ करेगी। रानू, कोल लेवी वसूली और मनी लांड्रिंग मामले में डेढ़ वर्ष से जेल में है। उनके खिलाफ डीएमएफ घोटाले का मामला भी दर्ज है।