रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 दिसंबर। रायपुर ग्रामीण जिला भाजपा के संगठन चुनाव को लेकर बुधवार को हुई बैठक में पदाधिकारियों का असंतोष खुलकर सामने आ गया। पार्टी की जिला उपाध्यक्ष महिला नेत्री ने तो यह तक कह दिया कि पार्टी कांग्रेस से आए लोगों को विधायक बना देती है, और हमें उन्हें माला पहनाना पड़ता है।
रायपुर ग्रामीण जिला के संगठन चुनाव के लिए पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष नारायण चंदेल को पार्टी ने पर्यवेक्षक बनाया है। चंदेल शहर और ग्रामीण, दोनों के पर्यवेक्षक हैं। कल श्री चंदेल ने रायपुर जिले के पदाधिकारियों की बैठक ली थी।
बैठक में प्रारंभिक चर्चा के बाद पदाधिकारियों को बोलने की बारी आई, तो रायपुर ग्रामीण की जिला उपाध्यक्ष श्रीमती नंदनी साहू ने पर्यवेक्षक नारायण चंदेल के सामने अपनी दर्द बयां करते हुए बोल पड़ी, श्रीमती नंदनी साहू ने श्री चंदेल से कहा कि कांग्रेस से अभी अभी आये लोगो को भाजपा विधायक का टिकट देकर विधायक बना देती है। हमें जबरदस्ती उन्हें माला पहनाना पड़ता है, और सालों से पार्टी के लिए निष्पक्ष काम करने वाले कि इज्जत सिर्फ झंडा उठाने और माला पहनाने तक के ही रह जाती है।
नंदनी ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका इशारा रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू की तरफ था। साहू पहले कांग्रेस में थे, और कांग्रेस टिकट से महासमुंद लोकसभा का चुनाव लड़े थे। मगर बाद में वो भाजपा में शामिल हो गए। पार्टी ने उन्हें रायपुर ग्रामीण सीट से प्रत्याशी बनाया, और वो चुनाव जीतने में कामयाब रहे। नंदनी खुद रायपुर ग्रामीण से विधायक की प्रबल दावेदार थी।खास बात यह है कि बैठक में मोतीलाल साहू भी मौजूद थे। किसी भी पदाधिकारी ने नंदनी साहू को नहीं टोका।
पार्टी के कुछ सूत्रों का कहना है कि संगठन चुनाव में खींचतान देखने को मिल सकती है। पार्टी के कुछ पदाधिकारियों में नाराजगी का असर नगरीय निकाय, और पंचायत चुनाव में देखने को मिल सकता है। फिलहाल, तो पर्यवेक्षक चंदेल ने संगठन चुनाव को आम सहमति से कराने की मुहिम में लगे हैं। बैठक में जिले के तमाम पदाधिकारी, और प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद थे।
