रायपुर

रायपुर दक्षिण का बनेगा मैप, सुनील सोनी की निगम अफसरों संग चर्चा
04-Dec-2024 6:07 PM
रायपुर दक्षिण का बनेगा मैप, सुनील सोनी की निगम अफसरों संग चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 4 दिसंबर। रायपुर दक्षिण विधानसभा का मैप बनेगा। विधायक सुनील सोनी ने एक बैठक में निगम के अफसरों को इस आशय के निर्देश दिए हैं। मैप में रोड से लेकर ड्रैनेज सिस्टम का ब्यौरा होगा। पखवाड़े भर के भीतर मैप तैयार होने की उम्मीद जताई गई है।

विधायक सुनील सोनी ने दो दिन पहले अपने विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा के लिए नगर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा, और चारों जोन कमिश्नरों को बुलाया था। बैठक में विधायक ने रायपुर दक्षिण के सभी वार्डों में विकास कार्यों की रफ्तार तेज करने पर जोर दिया।

उन्होंने व्यवस्थित ढंग से विकास के लिए विधानसभा क्षेत्र का मैप तैयार करने के लिए कहा है। इसमें रोड, ड्रेनेज सिस्टम आदि का उल्लेख करने के लिए निर्देशित किया है। अफसरों को सुनील सोनी ने आश्वस्त किया कि रायपुर दक्षिण के विकास कार्यों के लिए संसाधनों की कमी नहीं आएगी। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने की हिदायत दी।

बैठक में सुनील सोनी ने लंबित कार्यों की भी जानकारी ली, और समय सीमा के भीतर सारे काम पूरे करने के लिए कहा है। रायपुर दक्षिण विधायक ने कहा कि बड़े प्रोजेक्ट के बजाय छोटे-छोटे प्रोजेक्ट पर काम करना जरूरी है। वजह यह है कि अधिकांश इलाका पुराने शहर की बसाहट है, इसलिए बड़े प्रोजेक्ट पर काम करना उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि वो वार्ड पार्षदों के साथ बैठक करेंगे, और पूरे क्षेत्र के दौरे पर भी निकलेंगे। बैठक में निगम के अन्य अफसर भी थे।


अन्य पोस्ट