रायपुर
पुत्र नहीं है तो चिंता नहीं, लेकिन कलयुग में सन है तो टेंशन है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 दिसंबर। पुरानी बस्ती में स्थित श्री राजराजेश्वरी महामाया माता मंदिर प्रांगण में श्रीराम कथा कर रहे पं शंभू शरण लाटा महाराज ने शिव विवाह और राम जन्म की कथा को विस्तार से बताया। श्री राम कथा श्रवण से व्यथा मिट जाती है। शिव विवाह में महराज श्री ने दक्ष यज्ञ की कथा का वर्णन करते हुए शिव को निमंत्रण नहीं मिला। महाराज श्री ने ध्यान आकृष्ट किया कि अपनों से निमंत्रण की अपेक्षा नहीं की जानी चाहिए।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि क्रोध करो लेकिन बोध नष्ट नहीं होना चाहिए। धर्म का रास्ता न टूटे यदि कुछ है तब चिंता है, कुछ नहीं है तो कोई चिंता नहीं है। पुत्र नहीं है तो चिंता नहीं है, लेकिन कलयुग में सन है तो टेंशन है?।लोग भगवान को याद करते हैं, मौत को याद नहीं करते जो सत्य है। गृहस्थ जीवन और विवाह मनुष्य के जीवन में एक चुनौती है। महाराज श्री ने कहा कि संत सृष्टि नहीं पलटता है वह लोगों की दृष्टि को पलटता है। सनातन धर्म साधारण वस्तु नहीं है।यह एक विज्ञान है। बुराई सुनने से गौ हत्या का पाप लगता है. गुरु, राष्ट्र, धर्म की निंदा नहीं सुननी चाहिए?।
महाराज श्री ने स्वास्थ्य संबंधी विस्तार से बताया की उपवास से आकाश मिलता है। मनुष्य को पृथ्वी से अनाज के रूप में खाना पीना फल फूल मिष्ठान आदि प्राप्त होते हैं, लेकिन उपवास से आकाश प्राप्त होता है। आकाश शरीर में खालीपन अर्थात बीमारी को दूर करता हैं।संत श्री ने चुनौती दी कि जो व्यक्ति एक वर्ष में 20 दिन निर्जला उपवास करेगा उसे जीवन में कभी कैंसर नहीं हो सकता यह विज्ञान की बात है?, हमारे धर्मशास्त्रों ने पहले ही इसे वर्णित कर दिया है। 1 वर्ष में 24 एकादशी होती है, यदि एकादशी का निर्जला उपवास करें तो कैंसर हो ही नहीं सकता। राम कथा में ढोल मंजीरे आतिशबाजी के साथ श्रोता झूमने लगे।
न्यास समिति के अध्यक्ष आनंद कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष सत्यनारायण अग्रवाल, एवं मंदिर व्यवस्थापक पं विजय कुमार झा ने अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धालुओं को राम रस की कथा पान करने के लिए उपस्थित होने की अपील की है।
इसके साथ ही राम कथा का सीधा प्रसारण मंदिर रायपुर के यूट्यूब चैनल एवं फेसबुक पेज पर तथा शिवशक्ति यूट्यूब चैनल पर हो रहा है।