रायपुर
रायपुर, 4 दिसंबर। अजाजजा विकास मंत्री रामविचार नेताम ने एकलव्य आर्दश आवासीय विद्यालय के 4थी राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के संचालक मण्डल की बैठक की। मंत्री श्री नेताम ने कहा कि आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ को मेजबानी मिलना गौरव की बात है। देश भर से आने वाले खिलाडिय़ों, कोच, टीचर और अभिभावक सहित अनेक डेलीगेट्स के आवास, आवागमन व्यवस्था गंभीरता के साथ अपने दायित्वों को पूरा करने के निर्देश दिए। विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणी बोरा ने बैठक में बताया कि यह खेल 15 से 19 दिसंबर तक राजधानी में होंगे।
अलग-अलग खेल विधाओं के अनुरूप आयोजित किये जाएंगे। खेल प्रतियोगिता में 15 एकल एवं युगल तथा 7 सामूहिक खेल इस तरह कुल 22 खेलों का आयोजन किया जाएगा।
श्री बोरा ने बताया कि छत्तीसगढ़ के ‘द टाइगर ब्वाय चेंदरू‘ पर शुभंकर तैयार करने का निर्णय लिया गया है। प्रतियोगिता में देश के 25 राज्यों में संचालित एकलव्य विद्यालय के लगभग 6 हजार से अधिक खिलाडिय़ों के भाग लेने की संभावना है। इसके साथ 1500 से अधिक डेलीगेट्स आने वाले हैं जिसके आयोजन के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं।
बैठक में सचिव सह आयुक्त नरेन्द्र दुग्गा, ट्राई के प्रभारी संचालक संजय गौड़ सहित पीडब्ल्यूडी, स्वास्थ्य , महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग सहित अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।