रायपुर
संगठन चुनाव के लिए 17 पर्यवेक्षक नियुक्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 दिसंबर। प्रदेश संगठन और निकाय पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा की संगठन की बैठक दूसरे दिन भी ठाकरे परिसर में हुई।
राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव उपस्थिति में पूरी कार्यकारिणी को सदस्य,मंत्री विधायक मौजूद रहे। इसमें आज नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव पर चर्चा हुई। इस पर कल शाम भी सीएम विष्णु देव साय की उपस्थिति में इस पर चर्चा हुई थी। डिप्टी सीएम अरूण साव ने बताया कि निकाय और पंचायत दोनों चुनाव एक साथ कराने पर चर्चा हुई । जन भावना के अनुरूप निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराए जाएंगे। इस पर सरकारी स्तर पर निर्णय के लिए कल कैबिनेट की बैठक बुलाई गई है। दूसरी संगठन चुनावों को लेकर हुई चर्चा के हवाले से प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह ने बताया कि अलग अलग जिलों में समन्वय बनाने की दृष्टि से 17 पर्यवेक्षक बनाए गए हैं। जो दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में जाकर बैठके करेंगे।
निकाय चुनाव में डिफेंसिव होने की जरूरत नहीं- साय
इससे पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को बैठक में कहा कि इन दोनों चुनाव में भी इसी तरह से भाजपा विजय हासिल करेंगी। उन्होंने कहा जनता के बीच हमें डिफेंसिव होकर जाने की आवश्यकता नहीं है। ऑफेंसिव होकर चुनाव में जाएंगे क्योकि हमने मोदी की गारंटी को पूरा किया है।
प्रदेश प्रभारी व बिहार के मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि त्रि-स्तरीय पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव की घोषणा जल्द होने के आसार हैं। हमें अभी से जुट जाना है। श्री नवीन ने कहा कि हर क्षेत्र में अपनी केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धि को लेकर जनता के बीच पहुंचकर ध्यान देने वाले मुद्दों की चर्चा करें। उन्होंने कहा यह अवसर है की पंचायत से पार्लियामेंट तक जनहित के लिए भाजपा का ध्वज फहरा दे ।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश में 188 नगरीय निकाय है और निकायों में 3,538 वार्ड हैं। हमारी सरकार बनने के बाद राज्य के सभी नगरीय निकायों को 2 हजार करोड़ रु. की राशि स्वीकृत हुई है। सभी नगरीय निकायों में विकास के काम चल रहे हैं। इसको लेकर प्रदेश में एक माहौल बनाएं। अब फिर हर वर्ग के प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए इस चुनाव में हमें जाना होगा।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पंचायत चुनाव के तकनीकी पक्ष से पदाधिकारी को अवगत कराया। जिला अध्यक्ष और पदाधिकारी जिम्मेदारी ले कर पूरी ताकत से कार्य करेंगे और पंचायत चुनाव जीतने से हमें कोई नहीं रोक सकता।