रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 दिसंबर। प्रदेश के चार शहरों रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग-भिलाई और कोरबा में इको-फ्रेंडली, 240 ई-बसें संचालित की जाएंगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर भारत सरकार ने प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत रायपुर के लिए 100, बिलासपुर और दुर्ग-भिलाई के लिए 50-50 तथा कोरबा के लिए 40 ई-बसों की स्वीकृति प्रदान की गई है। राज्य स्तर पर इसके लिए सुडा को नोडल एजेंसी, जिलों में गठित अरबन पब्लिक सर्विस सोसाइटी को क्रियान्वयन एजेंसी बनाया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ई-बस सेवा प्रारंभ होने से इन शहरों में कम कार्बन उत्सर्जन से साफ हवा पर्यावरण का संरक्षण होगा। आरामदायक आवागमन की सुविधा सुलभ होगी। इसे शहरों में मेट्रो के विकल्प या उसके सहयोगी साधन के रूप में विकसित किया जाएगा। डिप्टी सीएम (नगरीय प्रशासन विकास) अरुण साव ने बताया कि केंद्रीय वित्तीय सहायता का एक बड़ा हिस्सा शहरों में बस डिपो एवं बीटीएम पॉवर इन्फ्रास्ट्रक्चर जैसी अधोसंरचना विकास के लिए भी खर्च किया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना के तहत तीन तरह की बसें स्टैंडर्ड, मीडियम और मिनी चलाई जाएंगी।
श्री साव ने बताया कि चारों शहरों में बस डिपो और बीटीएम पॉवर इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए कुल 67 करोड़ 40 लाख रुपए मंजूर करते हुए निविदा आमंत्रण की भी अनुमति दे दी है।
सुडा ने रायपुर में बस सेवा प्रारंभ करने के लिए बस डिपो के सिविल इन्फ्रास्ट्रक्चर हेतु रायपुर अरबन पब्लिक सर्विस सोसाइटी को 14.33 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। इसमें 8.60करोड़ रुपए का केन्द्रांश और 5.73 करोड़ का राज्यांश शामिल है। सुडा ने बीटीएम पॉवर इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए भी 12.90 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। दुर्ग-भिलाई में ई-बसों हेतु बस डिपो के सिविल इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए दुर्ग-भिलाई अरबन पब्लिक सर्विस सोसाइटी को 6.73 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। इसमें 4.4 करोड़ केन्द्रांश और 2.69 करोड़ राज्यांश शामिल है। वहां बीटीएम पॉवर इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए 11 करोड़ दो लाख रुपए मंजूर किए गए हैं।
बिलासपुर में बस डिपो के सिविल इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए बिलासपुर अरबन पब्लिक सर्विस सोसाइटी को 8.37 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। इसमें 5.2 करोड़ केन्द्रांश और 3.35 करोड़ रुपए राज्यांश शामिल है।